द रिवोल्यूशनरीज’ के लिए रोहित सराफ ने की 15 महीने की कड़ी तैयारी

मुंबई, 15 सितंबर (वार्ता) अभिनेता रोहित सराफ ने पीरियड ड्रामा सीरीज ‘द रिवोल्यूशनरीज’ में स्वतंत्रता सेनानी सचिंद्रनाथ सान्याल की भूमिका निभाने के लिए 15 महीने तक कड़ी शारीरिक तैयारी की।निखिल आडवाणी निर्देशित इस सीरीज में रोहित पहली बार अपने रोमांटिक और शहरी किरदारों से बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। किरदार में ढलने के लिए उन्होंने स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, कलारीपयट्टू, कंडीशनिंग, एक्शन रिहर्सल, मूवमेंट और डांस का प्रशिक्षण लिया।
रोहित ने कहा, “मुझे समझ आ गया था कि सिर्फ मजबूत दिखना सचिन के किरदार को विश्वसनीय नहीं बनाएगा। मुझे उनके अंदर की मजबूती को महसूस करना था। ये युवा लगातार सफर करते, प्रशिक्षण लेते, छिपते और लड़ते थे। मैं चाहता था कि उनकी यही मजबूती मेरे अंदर भी स्वाभाविक रूप से आए।”
उन्होंने कहा कि कलारी और एक्शन ट्रेनिंग ने उन्हें किरदार को समझने में काफी मदद की। मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा, “कुछ समय के लिए मुझे लगा कि मैंने गलती से एथलीट बनने के लिए साइन कर लिया है। ट्रेनिंग के बाद मुझे अपना असली काम यानी एक्टिंग भी करनी होती थी।”
रोहित ने अपनी डाइट में भी बड़े बदलाव किए। उन्होंने बताया कि शरीर में बदलाव देखने के साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा और वह एक्शन दृश्यों में खुद को अधिक सहज महसूस करने लगे।
सचिंद्रनाथ सान्याल के व्यक्तित्व के बारे में उन्होंने कहा कि वह सिर्फ सख्त क्रांतिकारी नहीं थे, बल्कि भावुक व्यक्ति भी थे। उन्होंने कहा, “एक ऐसा इंसान जो भावुक और कमजोर हो सकता है, लेकिन सही और गलत की बात आने पर अपने विश्वास से पीछे नहीं हटता।”
रोहित के ट्रेनर तेजस ललवानी ने बताया कि अभिनेता ने 15 महीने तक अनुशासन के साथ प्रशिक्षण लिया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के साथ कलारी, लाठी, कुश्ती, मल्लखंभ और डांस का भी अभ्यास किया।
तेजस ने कहा कि रोहित का शारीरिक बदलाव प्राकृतिक तरीके से किया गया और इसमें स्टेरॉयड या डाययूरेटिक्स का इस्तेमाल नहीं हुआ। उन्होंने नियमित डाइट, प्लांट प्रोटीन, फिश ऑयल और क्रिएटिन मोनोहाइड्रेट के साथ लगातार मेहनत की।
‘द रिवोल्यूशनरीज’ में रोहित सराफ के साथ प्रतिभा रांटा, भुवन बाम और गुरफतेह पीरजादा भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। आजादी से पहले के भारत की पृष्ठभूमि पर बनी इस सीरीज का निर्देशन निखिल आडवाणी ने किया है।

.....

Next Post

शिक्षक भर्ती पद वृद्धि की मांग को लेकर 27वें दिन भी आंदोलन, DPI के बाहर डटे अभ्यर्थी

Tue Sep 15 , 2026
भोपाल। शिक्षक भर्ती 2025 के वर्ग-2 और वर्ग-3 में पदवृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन 27वें दिन भी जारी है। अभ्यर्थी लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के बाहर धरने पर बैठे हैं। उनकी मांग है कि वर्ग-2 में 10 हजार और वर्ग-3 में 25 हजार पद बढ़ाए जाएं। अभ्यर्थियों […]

You May Like