सीहोर। शहर के नजदीक जमोनिया तालाब पर दोस्तों के साथ नहाने पहुंचा 18 वर्षीय युवक गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिला. अब शनिवार को सुबह से फिर सर्चिंग की जाएगी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडी थाना क्षेत्र के फ्रीगंज निवासी नरेन्द्र सूर्यवंशी का 18 वर्षीय पुत्र अरिहंत शुक्रवार की दोपहर लगभग दो बजे अपने दोस्तों के साथ जमोनिया तालाब नहाने गया था. बताया जाता है कि गहरे पानी में वह डूब गया. यह देख उसके अन्य साथी वहां से भाग खड़े हुए और अरिहंत के परिजनों को बताया. वह मौके पर पहुंचे तो तालाब के किनारे अरिहंत की बाइक, कपड़े और मोबाइल रखे मिले. इस दौरान मंडी पुलिस को भी सूचना मिल गई थी. पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से तालाब में सर्चिंग ऑपरेशन चलाया, लेकिन शाम तक कोई सुराग नहीं मिला. इस दौरान वहां काफी भीड़ जमा हो गई थी. अंधेरा होने के कारण अब शनिवार की सुबह तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा. इस घटना के बाद फ्रीगंज में शोक का माहौल बना हुआ है. तथा लोग अंधेरा होने के बाद भी मौके पर मौजूद थे.
