
मुरैना। सर्जिकल कॉटन बना रही मशीनों में शॉर्टसर्किट के कारण आग लग गई। कुछ ही देर में भडक़ी इस आग ने भीषण रूप ले लिया। जिससे आग पर काबू पाने में लगभग 6 घंटे तक दो दर्जन से अधिक दमकल का उपयोग किया गया। इसमें फॉम दमकल का भी उपयोग हुआ। आग लगने से फैक्ट्री संचालक को लगभग 3 करोड़ रूपये के नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
पुलिस व प्रशासन का दल स्थिति के अनुसार मौके पर जायजा ले रहा है। आगजनी में कोई जनहानि नहीं हुई है। चलती हुई फैक्ट्री राख में तब्दील हो गई है। बानमौर तहसील क्षेत्रान्तर्गत सेवागांव के पास सर्जिकल कॉटन बनाने वाली फैक्ट्री समायरा सर्जिकल इण्डस्ट्रीज संचालित है। इसमें चिकित्सा के लिये उपयोग होने वाली कॉटन बनाने का काम किया जा रहा था। फैक्ट्री के अंदर चार मजदूर मशीनों पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई जिससे फैक्ट्री में हडक़म्प मच गया। सभी चारों मजदूर फैक्ट्री से बाहर निकल आये। इसकी सूचना संचालक को दी गई। आग बुझाने के लिये पुलिस को सूचना देने के साथ ही बानमौर नगर पालिका तथा मुरैना नगर पालिक निगम के दमकल विभाग को भी अवगत कराया गया। दोनों नगरीय निकाय की दमकलों से आग बुझाने का काम किया गया।
फैक्ट्री में बने ट्यूबवेल से आग बुझाने आई दमकलों में 24 बार पानी भरा गया। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने में फॉम दमकल से एक कैन का भी उपयोग किया।
फैक्ट्री की देखरेख कर रहे डा. अनिल राजपूत ने बताया कि मशीन, कच्चा माल, बना हुआ माल तथा पेकिंग मटेरियल सहित सभी कुछ राख में बदल गया। फैैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारी लखन तथा विपिन ने बताया कि आग लगते ही वह भाग खड़े हुये। इसकी सूचना मालिक को दी गई। जब तक मालिक आये तब तक आग तेजी से भडक़ गई थी।
