
सौंसर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सौंसर क्षेत्र में बनी और बन रही सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। भ्रष्टाचार मुक्त मध्यप्रदेश अभियान संगठन ने अधूरे काम, टूटे पुल और जल्द खराब हो चुकी सड़कों को लेकर जिला कलेक्टर अजय देव शर्मा और योजना के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी कि सात दिन में कार्रवाई न हुई तो क्षेत्र की जनता विरोध आंदोलन करेगी।
ज्ञापन में बताया गया कि आमला से जोबनी खापा मार्ग पर पुलिया अधूरी है, बरसात में ग्रामीणों का संपर्क टूट जाता है। सतनूर सावंगा मार्ग पूरी तरह खराब है। देवी बडोसा और राघादेवी मार्ग का 24 साल पुराना पुल जर्जर है, जिससे 20 गांव प्रभावित होते हैं। ढोकडोह–छिन्देवानी मार्ग पर छह किलोमीटर सड़क की जरूरत है, जबकि निमनी मार्ग पर दो साल पहले बनी 500 मीटर सीसी सड़क पहले ही उखड़ने लगी।
संगठन ने दोषी ठेकेदारों व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई और अधूरे काम तुरंत पूरे करने की मांग की है।
