विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भारत बनाम पाकिस्तान मैच रद्द

बर्मिंघम 20 जुलाई (वार्ता) शिखर धवन सहित भारतीय खिलाड़ियों के बहिष्कार के कारण बर्मिंघम में रविवार को विश्‍व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (डब्ल्यूसीएल) में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाने वाला वेटरन्स क्रिकेट मैच रद्द कर दिया गया है।

धवन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने बयान का स्क्रीनशॉट पोस्ट किया जिसमें लिखा, “यह औपचारिक रूप से दोहराया जाता है कि श्री शिखर धवन आगामी डब्ल्यूसीएल में पाकिस्तान टीम के खिलाफ किसी भी मैच में भाग नहीं लेंगे। यह चर्चा 11 मई 2025 को कॉल और व्हाट्सएप पर हमारी बातचीत के दौरान पहले ही हो चुकी थी।

हमारी वर्तमान भू-राजनीतिक स्थिति और भारत-पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनाव को देखते हुए, श्री धवन और उनकी टीम ने उचित विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया है। हम इस मामले में लीग से सम्मानपूर्वक समझ और सहयोग का अनुरोध करते हैं।”

डब्ल्यूसीएल के आयोजकों ने एक बयान में कहा कि उन्होंने यह खबर सुनने के बाद कि पाकिस्तान हॉकी टीम इस वर्ष भारत का दौरा करेगी और दोनों देशों की अंडर-16 टीमों के बीच हाल ही में वॉलीबॉल मैच को देखने के बाद टूर्नामेंट में इस मैच की योजना बनाई थी। टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टीमें भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, “इस मैच से अनजाने में हमारे भारतीय क्रिकेट दिग्गजों को असुविधा हुई है, तो हम इस मैच का रद्द करते हैं।”

डब्ल्यूसीएल का दूसरा संस्करण 18 जुलाई को बर्मिंघम में शुरू हुआ और अब तक तीन मैच खेले जा चुके हैं। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट का पहला मैच खेला था, लेकिन रविवार का मैच भारत का पहला मैच होने वाला था। युवराज सिंह भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं जबकि मोहम्मद हफीज पाकिस्तान के कप्तान हैं।

टूर्नामेंट की छह टीमें एक-दूसरे से एक-एक बार भिड़ेंगी, उसके बाद शीर्ष चार टीमें 31 जुलाई को होने वाले सेमीफाइनल और दो अगस्त को होने वाले फाइनल में भिड़ेंगी। टूर्नामेंट बर्मिंघम, नॉर्थम्प्टन, लीसेस्टर और लीड्स में खेला जाएगा।

Next Post

विदेशी संस्थागत निवेशकों ने जुलाई में किया 5,939 करोड़ रुपये का निवेश

Sun Jul 20 , 2025
मुंबई, 20 जुलाई (वार्ता) विदेशी संस्थागत निवेशकों ने जुलाई में अब तक भारतीय पूंजी बाजार में 69.6 करोड़ डॉलर (5,939 करोड़ रुपये) का शुद्ध निवेश किया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, महीने के दौरान विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शेयरों में बिकवाली कर डेट खरीदे। इक्विटी में उन्होंने 64.3 करोड़ डॉलर […]

You May Like