मुंबई, 20 जुलाई (वार्ता) विदेशी संस्थागत निवेशकों ने जुलाई में अब तक भारतीय पूंजी बाजार में 69.6 करोड़ डॉलर (5,939 करोड़ रुपये) का शुद्ध निवेश किया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, महीने के दौरान विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शेयरों में बिकवाली कर डेट खरीदे। इक्विटी में उन्होंने 64.3 करोड़ डॉलर की बिकवाली की जबकि 134.4 करोड़ डॉलर के डेट की लिवाली की। इसके अलावा म्यूचुअल फंड में उन्होंने 4.6 करोड़ डॉलर लगाये जबकि हाइब्रिड इंस्ट्रूमेंट से पांच करोड़ डॉलर निकाले।
इस महीने की शुरुआत में (एफपीआई) निवेशकों का रुख सकारात्मक था, हालांकि बाद में वे बिकवाल हो गये, खासकर पिछले सप्ताह।
इससे पहले जून में एफपीआई निवेशक बिकवाल रहे थे। उन्होंने शुद्ध रूप से बाजार से 90.4 करोड़ डॉलर निकाले थे। पूरे कैलेंडर वर्ष के दौरान उन्होंने भारतीय पूंजी बाजार से 682.2 करोड़ डॉलर की शुद्ध निकासी की है।
