ट्रंप प्रशासन ने स्पेसएक्स के साथ अधिकतर सरकारी अनुबंध जारी रखने का लिया निर्णय: रिपोर्ट

ट्रंप प्रशासन ने स्पेसएक्स के साथ अधिकतर सरकारी अनुबंध जारी रखने का लिया निर्णय: रिपोर्ट

वाशिंगटन, 20 जुलाई (वार्ता) अमेरिकी अरबपति एलन मस्क के स्वामित्व वाली स्पेसएक्स के साथ सरकारी अनुबंधों का मूल्यांकन करने के बाद ट्रंप प्रशासन इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि उनमें से अधिकांश को बनाए रखना आवश्यक है क्योंकि वे पेंटागन और नासा के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।

वॉल स्ट्रीट जर्नल ने रविवार को सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी।

वॉल स्ट्रीट जर्नल के सूत्रों के अनुसार, जून की शुरुआत में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह घोषणा की थी कि वह कुछ दिनों बाद एलन मस्क के साथ मौजूदा सरकारी अनुबंधों का पुनर्मूल्यांकन करेंगे। इसी के मद्देनजर ट्रंप प्रशासन ने अरबों डॉलर के समझौतों में संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए अनुबंधों की समीक्षा शुरू की। स्पेसएक्स की अध्यक्ष ग्वेने शॉटवेल ने स्पेसएक्स अनुबंधों के मूल्यांकन के दौरान व्हाइट हाउस के अधिकारियों से मुलाकात की।

समाचारपत्र के एक सूत्र ने कहा कि स्पेसएक्स के कुछ अनुबंधों की आगे जांच की जा सकती है। समाचारपत्र ने कहा कि अनुबंधों का मूल्यांकन स्पेसएक्स का एक प्रमुख रॉकेट निर्माता के रूप में और विश्व के मुख्य उपग्रह इंटरनेट संचार प्रदाता की स्थिति को उजागर करता है। जून में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और अरबपति मस्क के बीच सार्वजनिक विवाद शुरू होने के बाद व्हाइट हाउस ने रक्षा विभाग और नासा को स्पेसएक्स के साथ बड़े अनुबंधों पर विस्तृत जानकारी एकत्रित करने का निर्देश दिया था।

श्री ट्रंप द्वारा स्पेसएक्स के साथ अनुबंध समाप्त करने की धमकी के बाद एलन मस्क ने कहा था कि वह ड्रैगन अंतरिक्ष यान उड़ाना बंद कर सकते हैं। इससे अंतरिक्ष एजेंसी यात्रियों को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भेजने और वापस लाने की क्षमता खो सकती थी।

एलन मस्क बाद में अपनी धमकी पर पीछे हट गए लेकिन उनकी घोषणा ने नासा अधिकारियों में चिंताएं उत्पन्न कर दी जिन्होंने स्पेसएक्स पर अपने अंतरिक्ष यात्रियों को सुरक्षित रखने का भरोसा किया था और पेंटागन अपने महत्वपूर्ण उपग्रहों को प्रक्षेपित करने के लिए उनकी कंपनी पर अधिक निर्भर है। दरअसल मई माह के अंत में राष्ट्रपति कार्यालय ने एलन मस्क के करीबी जेरेड इसाकमैन को नासा प्रशासक के पद से हटा दिया था जिसके बाद राष्ट्पति ट्रंप और एलन मस्क के बीच तनाव बढ़ गया था।

Next Post

मकाओ ने तूफ़ान विफा के लिए नंबर 8 सिग्नल किया जारी

Sun Jul 20 , 2025
मकाओ, 20 जुलाई (वार्ता) चीन के मकाओ विशेष प्रशासनिक क्षेत्र (एसएआर) ने तूफ़ान विफा को देखते हुए रविवार सुबह ‘तत्काल रोकथाम चरण’ घोषित किया। मकाओ मौसम विज्ञान और भूभौतिकीय ब्यूरो ने उष्णकटिबंधीय चक्रवात सिग्नल नंबर 8, जारी किया जो तीसरा सबसे ऊँचा स्तर है। इसमें एक पीली तूफ़ानी लहर की […]

You May Like