भारत के ख़िलाफ़ अफ़ग़ानिस्तान के टी 20 दल में नवीन उल हक़ की वापसी

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (वार्ता) दाएं कंधे में स्ट्रेस फ़्रैक्चर से उबरने के बाद तेज़ गेंदबाज़ नवीन उल हक़ की अफ़ग़ानिस्तान के टी 20 दल में वापसी हुई है और उन्हें भारत के ख़िलाफ़ सितंबर में दिल्ली में होने वाली तीन मैचों की टी 20 सीरीज़ के लिए चयनित अफ़ग़ानिस्तान के दल में चुना गया है। नवीन चोट के चलते वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ टी 20 सीरीज़ और टी 20 विश्व कप 2026 में भी नहीं खेल पाए थे।

इब्राहिम ज़दरान की अगुवाई वाले दल के तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण में नवीन को फ़ज़ल हक़ फ़ारूक़ी, अबदुल्लाह अहमदज़ाई और ऑलराउंंडर अज़मतुल्लाह ओमरज़ाई का साथ मिलेगा। बतौर पूर्णकालिक टी 20 कप्तान यह ज़दरान की पहली सीरीज़ भी होगी।

अफ़ग़ानिस्तान के दल में अनुभवी ऑलराउंडर गुलबदीन नईब की भी वापसी हुई है जो कि मध्य क्रम में मज़बूती देने के साथ ही गेंदबाज़ी का विकल्प भी प्रदान करेंगे। दल में एक अन्य अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी भी मौजूद होंगे।

अनकैप्ड विकेटकीपर बल्लेबाज़ नूर रहमान को दूसरे विकेटकीपर के रूप में शामिल किया गया है। जबकि स्पिन गेंदबाज़ी आक्रमण में राशिद ख़ान, नूर अहमद और नांग्याल खरोटी भी शामिल किए गए हैं।

पहला टी 20 13 सितंबर, दूसरा 15 और तीसरा टी 20 मैच 17 सितंबर को खेला जाएगा। यह सभी मुक़ाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। ख़ास बात यह कि इस सीरीज़ का मेज़बान अफ़ग़ानिस्तान है और यह पहली बार होगा जब अफ़ग़ानिस्तान भारत में भारत की मेज़बानी करेगा। इससे पहले भारत में अफ़ग़ानिस्तान के घरेलू मुक़ाबले लखनऊ, देहरादून और ग्रेटर नोएडा में आयोजित होते रहे हैं।

अफ़ग़ानिस्तान का दल: इब्राहिम ज़दरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सदिक़ुल्लाह अतल, दरवेश रसूली, अज़मतुल्लाह ओमरज़ाई, गुलबदीन नईब, मोहम्मद नबी, राशिद ख़ान, नांग्याल खरोटी, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फ़ज़ल हक़ फ़ारूक़ी, अबदुल्लाह अहमदज़ाई और नवीन उल हक़

रिज़र्व पूल: इजाज़ अहमदज़ाई, शहिदुल्लाह कमल, फ़रीद अहमद मलिक

Next Post

राज्य सरकार हमेशा श्रमिकों के साथ: सीएम डॉ यादव

Mon Aug 24 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्रमिकों की सेवा, कल्याण और खुशी हमारे लिए सबसे पहले है। हमारे श्रमिक अपने खून-पसीने से विकसित मध्यप्रदेश की नींव तैयार कर एक-एक ईंट जोड़ रहे हैं। हर परिस्थिति में श्रमिकों की कठिनाई को दूर करना सरकार का कर्तव्य है। उन्होंने कहा […]

You May Like