सतना : जिले के मझगवां वन परिक्षेत्र अंतर्गत बाघ के शिकार का मामला उजागर होने के 5 दिन बाद घटना में शामिल रहे 5 आरोपियों की गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया.वन परिक्षेत्र मझगवां के अंतर्गत कररिया बीट के चौराहा हार में बाघ के शिकार के मामले में वन विभाग के अधिकारियों द्वारा 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम सिंह, जयनारायण सिंह, बब्बू सिंह, सत्यम सिंह और सोहन सिंह के तौर पर बताई गई. वन परिक्षेत्राधिकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को चित्रकूट न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया.
जहां से न्यायिक अभिरक्षा में उन्हें जेल भेज दिया गया. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि विद्युत करेंट के जरिए उन्होंने बाघ का शिकार किया था. बाघ की मौत हो जाने पर उसके पंजे, दांत, मूंछ के बाल जैसे अंग निकाल लिए थे. जिसके बाद गड्ढा खोदकर बाघ के शव को दफना दिया गया था. गौरतलब है कि यह घटना तकरीबन 2 महीने हुई थी. लेकिन 5 दिन पहले यह तब सामने आई जब मुखबिर के जरिए वन परिक्षेत्राधिकारी को सटीक सूचना दी गई. यहां तक की जानकारी मिलने के बाद बाघ का शव बरामद करने में 2 दिन लग गए थे
