निर्देशक गर्वित सिंह की फिल्म ‘ज़िम्मेदारी उम्मीद आज़ादी संदीप’ बुक माय शो स्ट्रीम पर हुई रिलीज़

मुंबई,24 अगस्त (वार्ता) निर्देशक गर्वित सिंह की फिल्म ‘ज़िम्मेदारी उम्मीद आज़ादी संदीप’ हाल ही में बुक माय शो स्ट्रीम पर रिलीज़ हुई है। बतौर निर्देशक यह गर्वित की पहली फीचर फिल्म है। गर्वित ने इस फिल्म को खुद फंड किया है और इसे बनाने का उनका सफर लंबा और काफी चुनौतीपूर्ण रहा है।फिल्म को प्लटून वन फिल्म्स ने रिलीज़ किया है। प्लटून वन फिल्म्स इससे पहले नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी अभिनीत ‘मैं एक्टर नहीं हूँ’ समेत कई चर्चित फिल्मों को सिनेमाघरों और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज़ कर चुकें हैं। फिल्म की कहानी संदीप (पल्लव सिंह) की है, जो कई साल बाद अपने घर लौट रहा है। इस सफर के दौरान वह अपने आदर्शवादी पिता के साथ अपने रिश्ते को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहा है।

सफर के दौरान एक एक ऐसे शख्स से उसकी मुलाक़ात होती है, जिससे संदीप के बचपन की कुछ दर्दनाक यादें जुड़ी हैं। इसके बाद संदीप को अपने उस अतीत का सामना करना पड़ता है, जिसे वह हमेशा से भुलाने की कोशिश कर रहा था। फिल्म उन रिश्तों, यादों और जिम्मेदारियों की बात करता है, जो हमारी ज़िंदगी और हमारे फैसलों को प्रभावित करता है। फिल्म में आकाश महामना, आशित चटर्जी, अमनदीप चहल और अनिल दुबे भी अहम भूमिकाओं में हैं। ‘ज़िम्मेदारी उम्मीद आज़ादी संदीप की रिलीज़ को लेकर निर्देशक गर्वित सिंह ने कहा, “मैं हमेशा से ऐसी कहानियों की तरफ आकर्षित रहा हूँ, जो हमारी ज़िंदगी के उन पहलुओं को सामने लाती हैं, जिन पर हम अक्सर ध्यान नहीं देते। यह फिल्म बताती है कि हमारी यादें, रिश्ते और जिम्मेदारियां किस तरह हमारे फैसलों को प्रभावित करती हैं।

मुझे खुशी है कि दर्शक बुक माय शो स्ट्रीम पर इस फिल्म को देख सकते हैं और मुझे उम्मीद है कि यह फिल्म उन्हें आज़ादी और जिम्मेदारी को नए नज़रिए से समझने का मौका देगी।” गर्वित सिंह ने फिल्ममेकिंग की कोई औपचारिक ट्रेनिंग नहीं ली है। उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई के बाद फिल्ममेकिंग की ओर रुख किया। मशहूर फिल्म निर्देशक स्टैनली कुब्रिक की फिल्म ‘द शायनिंग’ ने उन्हें निर्देशक बनने की प्रेरणा दी। गर्वित ने इससे पहले कई शॉर्ट फिल्मों का निर्देशन किया हैं । उनकी शार्ट थ्रिलर ‘सीरियल किलर’ को जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए चुना गया था। ‘ज़िम्मेदारी उम्मीद आज़ादी संदीप’ के निर्माता और सिनेमैटोग्राफर नीरज ओमप्रकाश पंचारिया है। संकलन शमा पाडालकर ने किया है और संगीत सुमित सुरेश ने दिया है।

.....

Next Post

संबल योजना से पांढुरना जिले के 91 श्रमिक परिवारों को मिली 2.06 करोड़ की आर्थिक सहायता

Mon Aug 24 , 2026
पांढुरना,  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सोमवार को मुख्यमंत्री निवास ‘समत्व’ से संबल योजना के तहत सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 9 हजार से अधिक श्रमिक परिवारों के बैंक खातों में कुल 203 करोड़ रुपए की राशि का अंतरण कि गई, वहीँ संबल योजना के तहत पांढुरना के […]

You May Like