
उज्जैन। स्वतंत्रता दिवस पर महिदपुर तहसील में खौफनाक मंजर सामने आया। मासूम दो बेटियों का मां ने गला दबाकर हत्या कर दी। दोनों की लाश को चटाई में लपेटने के बाद जेठानी से कहा कि मार दिया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों मासूम के शवो का पोस्टमार्टम कराया है।
महिदपुर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि ग्राम तुलसापुर के चौकीदार ने सूचना देकर बताया कि अशोक बंजारा की चार वर्षीय पुत्री उमा और 8 माह की अनुष्का को उसकी मां पूजा ने गला दबाकर मार दिया है। सूचना पर पुलिस घटना स्थल पहुंची लेकिन दोनों मासूम बच्चों को अस्पताल ले जाया जा चुका था। घटना स्थल पर पूछताछ करने के बाद सामने आया कि पूजा ने अपनी बेटियों की हत्या के बाद उन्हें चटाई में लपेट दिया था और अपने जेठानी से कहा था कि मार दिया है। घटनाक्रम दोपहर 2 से 2:30 बजे के लगभग का होना पता चला। पुलिस ने मामले में जान शुरू करते हुए हत्या करने वाली मां पूजा को राउंडअप किया और पूछताछ शुरू की तो उसने हत्या करना कबूल कर लिया। जानकारी सामने आई कि दोनों मासूम बहनों की एक बड़ी बहन भी है जो 7 साल की है वह घटना के समय घर के बाहर खेल रही थी। मासूम बेटियों का पिता कम पर गया था जो घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचा। थाना प्रभारी के अनुसार मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। दोनों मासूम बच्चियों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटनाक्रम की जानकारी रखते ही महिदपुर एसडीओपी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस की जांच में परिजनों का कहना था कि पूजा और अशोक की शादी को करीब 8 से 10 वर्ष का समय हो चुका है। उनके यहां तीन बेटियां हुई थी पूजा का मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं है। पुलिस का कहना था कि पूजा का मेडिकल परीक्षण भी कराया जाएगा ताकि पता चल सके की उसने अपने दिमागी संतुलन खराब होने की वजह से हत्या की है या फिर किसी मकसद से मारा है।
डॉक्टर बोली मृत अवस्था में लाये
महिदपुर शासकीय अस्पताल की डॉक्टर मैत्री मिश्रा ने बताया कि तुलसापुर से कुछ लोग दो बालिकाओं को मृत अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे थे एक चार वर्ष की थी दूसरी आठ माह की थी। परीक्षण के दौरान दोनों की सांसे थमी हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद ही दोनों की मौत का सही कारण सामने आ पाएगा।
