कोलंबो, श्रीलंका क्रिकेट ने धनंजय डी सिल्वा के कप्तानी छोड़ने के बाद स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल मेंडिस को टेस्ट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है।
श्रीलंका क्रिकेट टीम ने स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल मेंडिस को टेस्ट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) के द्वार हुई बैठक में यह ऐतिहासिक फैसला लिया गया। मेंडिस को यह जिम्मेदारी धनंजय डी सिल्वा के स्थान पर सौंपी गई है, जिन्होंने आज यानी 8 अक्टूबर को ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
कुसल मेंडिस इससे पहले सीमित ओवरों- वनडे और टी-20 में श्रीलंका की कमान संभाल चुके हैं, लेकिन टेस्ट प्रारूप में वह पहली बार कप्तानी की भूमिका में नजर आएंगे।
पाकिस्तान दौरे से शुरू होगा नया कार्यकाल
कुसल मेंडिस के टेस्ट कप्तानी के सफर की शुरुआत आगामी पाकिस्तान दौरे से होगी। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के अंतर्गत खेली जाने वाली इस दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 9 नवंबर से शुरू होगा, जबकि दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच 17 नवंबर को खेला जाना है।
इस नियुक्ति के साथ ही मेंडिस अब क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में श्रीलंका की कप्तानी करने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं। टेस्ट सीरीज से ठीक पहले, 9 अक्टूबर से पाकिस्तान के खिलाफ शुरू हो रही टी-20 सीरीज में भी मेंडिस टीम की अगुवाई करते हुए दिखाई देंगे।
धनंजय डी सिल्वा का कप्तानी से इस्तीफा
पूर्व कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने तत्काल प्रभाव से कप्तानी छोड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) की चयन समिति को भेजे एक आधिकारिक पत्र में कहा कि उनका मानना है कि अब नेतृत्व की जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपने का सही समय आ गया है।
साल 2024 में दिमुथ करुणारत्ने के बाद धनंजय को टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया था। उनकी कप्तानी में श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को घरेलू सीरीज में, बांग्लादेश को उनके घर और घरेलू सीरीज में, तथा न्यूजीलैंड को घरेलू टेस्ट सीरीज में मात दी थी।
कुसल मेंडिस का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर
कुसल मेंडिस श्रीलंका के सबसे अनुभवी और भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक हैं। उनका अब तक का अंतरराष्ट्रीय करियर बेहद शानदार रहा है। टेस्ट क्रिकेट में मेंडिस ने श्रीलंका के लिए 75 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनकी 139 पारियों में 36.36 की औसत से 4,836 रन बनाए हैं।
इस दौरान उन्होंने 10 शतक और 23 अर्धशतक जड़े हैं। वहीं वनडे क्रिकेट में 159 वनडे मुकाबलों में उन्होंने 36.33 की औसत और 88.37 की स्ट्राइक रेट के साथ 5,160 रन अपने नाम किए हैं। इसके साथ ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 109 टी-20 मैचों में 26.15 की औसत से 2,694 रन बनाए हैं।
