इंदौर: आज़ाद नगर पुलिस ने घरेलू गैस सिलेंडर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से चोरी के 11 घरेलू गैस सिलेंडर और एक चोरी की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है. जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई जा रही है. प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे.
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेतराम के बगीचे क्षेत्र में एक युवक चोरी की बाइक सस्ते दाम में बेचने की फिराक में है. सूचना पर घेराबंदी कर पुलिस ने मोहित यादव उम्र 22 साल निवासी मूसाखेड़ी को गिरफ्तार किया था, उसके कब्जे से बरामद बाइक आज़ाद नगर थाना क्षेत्र से चोरी होना पाई गई. मोहित से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके दो साथियों गर्वत उर्फ काका उर्फ बाबा और कुणाल उर्फ कुन्न्र, दोनों निवासी मूसाखेड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों की निशानदेही पर 11 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए. पुलिस के मुताबिक आरोपी सिलेंडर चोरी कर उन्हें कम कीमत में बेचने की तैयारी में थे.पुलिस अब आरोपियों से शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों और चोरी के सामान की खरीद फरोख्त से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है.
अन्य घटनाओं के बारे में पूछताछ की जा रही है
चोरी की बाइक के साथ एक आरोपी को पकड़ा, पूछताछ में दो साथी के नाम भी आए थे, उन्हें भी गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 11 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं. आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
