भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी 14 जुलाई से इंदौर से भोपाल तक करीब 200 किलोमीटर की दो दिवसीय साइकिल यात्रा निकालेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। यात्रा इंदौर के आरएनटी मार्ग से शुरू होगी और देवास, सीहोर होते हुए भोपाल पहुंचेगी। रास्ते में हर जिले से करीब 500 साइकिल यात्री इस अभियान से जुड़ेंगे, जबकि कुल दो हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
यात्रा के दौरान जीतू पटवारी छात्रों, युवाओं और अभिभावकों से संवाद करेंगे। उन्होंने केजी से पीजी तक मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। कांग्रेस का कहना है कि यह साइक्लोथॉन सिर्फ राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि युवाओं की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है। वहीं, यात्रा के समापन स्थल को लेकर प्रशासन और कांग्रेस के बीच अनुमति को लेकर भी विवाद बना हुआ है।
