भोपाल: स्वच्छ भारत मिशन के तहत सर्वेक्षण का समय नजदीक आता जा रहा है उसी तरह से नगर निगम के द्वारा शहर में साफ सफाई की गतिविधियां तेज की जा रही है. जिसके लिए नगर निगम द्वारा स्वच्छता अभियान कैलेंडर तैयार किया गया है उसी के अनुसार ही शहर में स्वच्छता की गतिविधियां संचालित की जा रही है. इसी तारतम्य में सोमवार को निगम के स्वास्थ्य विभाग के अमले ने शहर में विद्यमान जल स्त्रोतों, नाला-नालियों तथा गार्बेज ट्रांसफर स्टेशनों की बेहतर ढंग से साफ-सफाई की और सफाई कार्य के दौरान निकले कचरे को उठाकर निष्पादन स्थल पर पहुंचाया. इसी प्रकार निगम अमले ने समस्त वार्ड क्षेत्रों में स्थित छोटे-बड़े नालों एवं नालियों की भी सफाई की और कचरा, गाद, मिट्टी आदि उठाकर निष्पादन स्थल तक पहुंचाई. निगम अमले ने स्थानीय रहवासियों से नाला-नालियों में कचरा आदि न फेंकने की समझाइश भी दी.
गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन पर की सफाई
स्वच्छता अभियान के तहत निगम के अमले ने वार्डों में स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशनों एवं उसके आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कराई. उसके बाद वहां से कचरा भी उठवाया. निगम अमले ने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने, निगम की साफ-सफाई व्यवस्था में सक्रिय सहयोग करने के साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के लिए सकारात्मक सिटीजन फीडबेक देने का आव्हान भी किया.
