मुंबई हमले की 17वीं बरसी पर देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

मुंबई, 26 नवंबर (वार्ता) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने बुधवार को मुंबई में 2008 के आतंकवादी हमलों के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

यह श्रद्धांजलि समारोह दक्षिण मुंबई स्थित मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय परिसर में शहीद स्मारक पर आयोजित किया गया। राज्य मंत्री आशीष शेलार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।

शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के सदस्यों ने इसमें हिस्सा लिया और स्मारक पट्टिका के सामने एक मिनट का मौन रखा। शहर भर की पुलिस इकाइयाँ से यहां पुलिसकर्मी उपस्थित थे, जिन्होंने हमलावरों का सामना करने वाले अपने सहयोगियों की याद में सलामी दी।

गौरतलब है कि 26 नवंबर, 2008 के आतंकी हमलों में पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा समूह के दस आतंकवादी शामिल थे। ये आतंकवादी समुद्र के रास्ते मुंबई पहुँचे थे और उन्होंने ताज महल पैलेस होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट होटल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस रेलवे स्टेशन और नरीमन हाउस सहित कई स्थानों पर समन्वित हमले किए थे। इन हमलों में 166 लोग मारे गए थे और 300 से अधिक घायल हुए थे।

हमलों के बाद भारत की सुरक्षा तैयारियों में बड़े बदलाव किए गए। खुफिया समन्वय, तटीय निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र और संचार प्रणालियों में महत्वपूर्ण सुधार किये गये। प्रमुख महानगरीय केंद्रों में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की तैनाती की गयी और मजबूत समुद्री सुरक्षा उपाय किये गये।

 

Next Post

संविधान दिवस पर पुलिस कमिश्नर ने दिलाई संविधान मूल्यों की शपथ

Wed Nov 26 , 2025
भोपाल: संविधान दिवस के अवसर पर पुलिस कमिश्नर हरिनारायणाचारी मिश्र ने कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत के संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। इस दौरान उन्होंने सभी उपस्थितों को संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों तथा मौलिक कर्तव्यों से अवगत कराते हुए उन्हें इन आदर्शों के पालन […]

You May Like