भोपाल:मध्य प्रदेश में ओबीसी समाज के 27% आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने संयुक्त प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार ओबीसी समाज को उसके संवैधानिक अधिकार से वंचित कर रही है। पटवारी ने कहा कि भाजपा सरकार ओबीसी वर्ग के बच्चों का भविष्य छीनने और उन्हें गुलाम बनाए रखने की साजिश कर रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे 27% आरक्षण के लिए सड़कों पर उतरें और भाजपा के झूठे वादों के खिलाफ आवाज उठाएँ।नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने कहा कि भाजपा सरकार ओबीसी वर्ग के युवाओं के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट ने 27% आरक्षण पर कोई रोक नहीं लगाई है, फिर भी सरकार इसे लागू नहीं कर रही।
सिंघार ने चेतावनी दी कि अगर तत्काल आरक्षण लागू नहीं किया गया तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।कांग्रेस ने मांग की है कि ओबीसी के लिए 27% आरक्षण तुरंत लागू किया जाए और रुकी हुई भर्तियों में चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्तियाँ बहाल की जाएँ। कांग्रेस ने भाजपा पर ओबीसी समाज को वोट बैंक बनाकर उनके अधिकार छीनने का आरोप लगाया और कहा कि अब यह अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
