फेडएक्स ने भारत में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान शुरू किया

मुंबई, 18 फरवरी (वार्ता) भारत में बढ़ते साइबर धोखाधड़ी मामलों के मद्देनजर वैश्विक एक्सप्रेस ट्रांसपोर्टेशन कंपनी फेडरल एक्सप्रेस कॉर्पोरेशन (फेडएक्स) ने एक राष्ट्रीय स्तर की साइबर सुरक्षा जागरूकता और प्रशिक्षण पहल शुरू की है।

कंपनी ने मंगलवार को बयान जारी कर बताया कि यह पहल स्थानीय पुलिस, साइबर सुरक्षा प्रकोष्ठ और गैर-लाभकारी संगठन यूनाइटेड वे मुंबई के सहयोग से संचालित की जा रही है।

फेडएक्स के मध्य पूर्व, भारतीय उपमहाद्वीप और अफ्रीका क्षेत्र के उपाध्यक्ष नितिन नवनीत टाटीवाला ने कहा, “वर्ष 2024 में भारत में साइबर धोखाधड़ी से 1.7 अरब रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ सबसे बड़ा बचाव जागरूकता है। इस पहल के माध्यम से हमारा लक्ष्य नागरिकों को साइबर खतरों से सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक ज्ञान और संसाधन प्रदान करना है, जिससे देश में एक अधिक सुरक्षित डिजिटल वातावरण विकसित हो सके।”

इस पहल के तहत वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और किशोरों सहित 10 हजार से अधिक लोगों को साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें फ़िशिंग, पहचान की चोरी, डिजिटल भुगतान धोखाधड़ी और सोशल मीडिया ठगी जैसे साइबर खतरों को पहचानने और उनसे बचने के उपायों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा स्थानीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों को विशेष साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण भी दिया जाएगा ताकि वे डिजिटल अपराधों से प्रभावी ढंग से निपट सकें और देश में अधिक सुरक्षित डिजिटल प्रणाली का निर्माण कर सकें।

यूनाइटेड वे मुंबई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जॉर्ज ऐकारा ने कहा, “सार्थक सामाजिक परिवर्तन के लिए आपसी सहयोग आवश्यक है। फेडएक्स, स्थानीय पुलिस, साइबर सुरक्षा प्रकोष्ठ, गैर-सरकारी संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों के साथ यह साझेदारी हमारे साझा प्रयास को दर्शाती है। हम लोगों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रूप से आगे बढ़ने के लिए आवश्यक ज्ञान और उपकरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

 

 

Next Post

बल्लेबाजी में शिवम दुबे, सूर्यकुमार विफल, मुम्बई को मिला आकाश का सहारा

Tue Feb 18 , 2025
नागपुर 18 फरवरी (वार्ता) रणजी ट्राफी के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में मंगलवार को शिवम दुबे, सूर्यकुमार यादव और कप्तान अजिंक्य रहाणे बल्लेबाजी में विफल रहे और मुम्बई की लड़खड़ाती पारी को आकाश आनंद का सहारा मिला। बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत खराब रही और उसने आयुष म्हात्रे (नौ) का […]

You May Like