
रायसेन। छह साल की मासूम से दुष्कर्म का आरोपी सलमान अब भी फरार है, और इसी के विरोध में गौहरगंज और आस-पास की सड़कों पर रोज लोगों का भारी जमावड़ा लगातार लग रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग ने पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल खड़ा कर दिया है।
गौहरगंज में घटना के बाद हालात बिगड़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को हुई इस वारदात के बाद से आरोपी सलमान उर्फ नज़र फरार है, और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इसी बीच गुस्साए लोग सोमवार सुबह से ही स्कूल ग्राउंड में हाथों में तख्तियां लेकर जमा हो रहे हैं। उनकी एक ही मांग थी आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और उसे फांसी की सज़ा। हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने चेतावनी दी है कि यदि पाँच दिन के भीतर आरोपी नहीं पकड़ा गया तो भोपाल बंद का आह्वान किया जाएगा।
आज प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब कार्यक्रम के समापन के बाद कुछ युवक मुस्लिम बावली बस्ती की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन चेतावनियों के बावजूद युवक आगे बढ़ते रहे, जिसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इससे माहौल और बिगड़ गया और कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति नियंत्रण से बाहर जाती देख पुलिस को आँसू गैस के गोले दागने पड़े। DIG प्रशांत खरे के अनुसार हालात अब काबू में हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी की खोज के लिए करीब 20 टीमें लगाई गई हैं और 300 से अधिक पुलिसकर्मी जमीनी स्तर पर तलाश में जुटे हैं। पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दी है। दूसरी ओर, आरोपित की गिरफ्तारी न होने से लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को मंडीदीप, रायसेन शहर, गौहरगंज, सीहोर और आसपास के इलाकों में बाजार बंद रहे।
पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है, लेकिन जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होता, तब तक क्षेत्र में तनाव कम होने के आसार कम दिखाई दे रहे हैं।
