नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (वार्ता) 25 अप्रैल को व्हाइट हाउस की ओर से पत्रकारों के लिए आयोजित रात्रिभोज के दौरान चली गोलियां ‘हत्या’ की एक कोशिश थी या राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गिरती साख को बढ़ाने के लिए किया गया एक प्रायोजित प्रयास? इस वार्षिक जलसे में अमेरिकी राष्ट्रपति, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जे डी वेंस और कई अन्य शीर्ष गणमान्य व्यक्ति शामिल थे, जब हमलावर वाशिंगटन हिल्टन होटल के सुरक्षा घेरे के अंदर प्रवेश कर गया। हालांकि हमलावर के सुरक्षा घेरे को तोड़ने के बावजूद सीक्रेट सर्विस ने श्री ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया और श्री वेंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
संदिग्ध की पहचान कैलिफोर्निया के टॉरेंस निवासी 31 वर्षीय कोल टॉमस एलेन के रूप में हुई है, जिसे ‘मैग्नेटोमीटर स्क्रीनिंग’ क्षेत्र के पास पकड़ लिया गया था। हालांकि श्री ट्रंप ने एलेन को एक ‘लोन वुल्फ’ हमलावर बताया, जिससे उसे एक प्रकार से क्लीन चिट मिल गई कि उसके पीछे कोई नहीं था।
सुरक्षा घेरे को तोड़ने के बाद हमलावर अंदर कैसे घुसा, इस पर कई सवाल उठ रहे हैं। जांचकर्ताओं का कहना है कि एलेन होटल में एक मेहमान के रूप में रह रहा था, जिससे उसे होटल के सामान्य बाहरी घेरे को पार करने की अनुमति मिल गई। वह कथित तौर पर बार कार्ट के लिए इस्तेमाल होने वाले पास के एक स्टोरेज रूम से निकला और शॉटगन, एक सेमी-ऑटोमैटिक हैंडगन और कई चाकुओं के साथ सीक्रेट सर्विस चेकपॉइंट की ओर झपटा।
एलेन ने एक सीक्रेट सर्विस एजेंट पर गोली चलाई जिसने बुलेट-प्रूफ जैकेट पहन रखी थी। एजेंट घायल नहीं हुआ। सुरक्षाकर्मियों ने एलेन पर काबू पा लिया, हालांकि हमलावर के घुटने में चोट जरूर आई।
यह हमला ऐसे समय में हुआ जब अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद ट्रंप की लोकप्रियता में गिरावट आई है। ऐसे में श्री ट्रंप के कुछ विरोधियों का मानना है कि यह ट्रंप प्रशासन की लोकप्रियता और घटती को बढ़ाने के लिए एक ‘प्रायोजित’ हमला था। उल्लेखनीय है कि अप्रैल की रेटिंग श्री ट्रंप की लोकप्रियता को उनके पिछले कार्यकाल की तुलना में कम दिखाती है, जो वर्तमान में ईरान युद्ध और महंगाई के कारण केवल 30 प्रतिशत से 37 प्रतिशत के बीच रह गयी है।
सहानुभूति बटोरने या ‘व्हाइट हाउस बॉलरूम’ प्रोजेक्ट के लिए समर्थन जुटाने के लिए हमले के ‘प्रायोजित’ होने का दावा करने वाले षड्यंत्र के सिद्धांत भी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगे हैं। हालांकि, एफबीआई और न्याय विभाग सहित कानून प्रवर्तन एजेंसियां इस घटना की जांच राजनीतिक हिंसा के एक वास्तविक कृत्य के रूप में कर रही हैं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि संदिग्ध का इरादा ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को निशाना बनाना था। एलेन के नाम से लिखे गए ‘घोषणापत्र’ सहित अन्य लेखों में ट्रंप प्रशासन की नीतियों की आलोचना की गई थी।
हालांकि अधिकारी षड्यंत्र के सिद्धांत को खारिज कर चुके हैं, उन्होंने पुष्टि की है कि संदिग्ध होटल में एक पंजीकृत मेहमान के रूप में रह था। कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने पुष्टि की कि एलेन ने कैलिफोर्निया से ट्रेन से यात्रा की और रात्रिभोज से एक दिन पहले शुक्रवार को होटल में चेक-इन किया। हालांकि होटल के रिकॉर्ड की जांच अधिकारी जल्दी कर सकते थे, लेकिन आपराधिक मामला बनाने के लिए औपचारिक रूप से सत्यापन आवश्यक था। संघीय एजेंटों ने एलेन के होटल के कमरे से उसके लेख बरामद किए, जिसमें एक कथित घोषणापत्र भी शामिल था। विरोधियों का यह तर्क कि हमले से ट्रंप की रेटिंग बढ़ सकती है, हालांकि यह सही प्रतीत नहीं होता है, क्योंकि 27 अप्रैल तक, उनकी अनुमोदन रेटिंग में किसी महत्वपूर्ण वृद्धि का कोई सबूत नहीं है। फिर भी निश्चित रूप से कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
जबकि 1981 में राष्ट्रपति रीगन पर किये गये हमले या श्री ट्रंप पर 2024 में रैली के दौरान किये गये हमले सहित ऐतिहासिक उदाहरणों से यही दिखा है कि लोकप्रियता में अल्पकालिक उछाल आया था। 2024 के हत्या के प्रयास के बाद, ट्रंप ने अपने मतदान और रेटिंग में महत्वपूर्ण उछाल का अनुभव किया था।
एबीसी न्यूज के एक पोल के अनुसार, 2024 की शूटिंग के बाद के सप्ताह में श्री ट्रंप की लोकप्रियता बढ़कर 40 प्रतिशत हो गई थी, जो 30 प्रतिशत के दायरे से एक महत्वपूर्ण छलांग थी। यह चार साल में उनकी सबसे ऊंची रेटिंग थी। आंकड़ा बताता है कि उनकी रेटिंग को नीचे खींचने वाले मुद्दे, विशेष रूप से अमेरिका-ईरान युद्ध और घरेलू महंगाई, अधिक भारी पड़ रहे हैं। अप्रैल के मध्य के हमले से पहले के पोल उनकी स्वीकृति को 30 प्रतिशत और 37 प्रतिशत के बीच दिखा रहे थे, सार्वजनिक अस्वीकृति हाल ही में 58 प्रतिशत के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। दूसरी ओर, श्री ट्रंप ने इस घटना का इस्तेमाल अपने 400 मिलियन अमेरिकी डॉलर के व्हाइट हाउस बॉलरूम प्रोजेक्ट की मंजूरी के लिए दबाव बनाने के लिए भी किया है। हालांकि, कई लोग बॉलरूम प्रोजेक्ट का विरोध कर रहे हैं।
श्री ट्रंप ने बॉलरूम के बारे में अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा कि यही वह वजह है कि अमेरिकी सेना, सीक्रेट सर्विस, कानून प्रवर्तन और पिछले 150 वर्षों से हर राष्ट्रपति मांग कर रहे हैं कि व्हाइट हाउस के मैदान में एक बड़ा और सुरक्षित बॉलरूम बनाया जाए। श्री ट्रंप ने कहा, “व्हाइट हाउस में वर्तमान में निर्माणाधीन सुरक्षित बॉलरूम में यह घटना कभी नहीं होती।” उन्होंने कहा कि इसमें उच्चतम स्तर की सुरक्षा विशेषताएं हैं। संक्षेप में, 2024 की घटना के विपरीत, वर्तमान रेटिंग से पता चलता है कि 25 अप्रैल की शूटिंग की घटना ने कम से कम अब तक ट्रंप के लिए वैसी रिकवरी प्रदान नहीं की है।

