
सीधी। ईओडब्ल्यू रीवा की 50 सदस्यीय टीम ने आज सुबह 5 बजे एक हाई स्कूल के प्रभारी प्राचार्य के तीन ठिकानों में एक साथ छापामार कार्रवाई शुरू की। सीधी शहर में अमहा स्थित दो मंजिला आलीशान भवन में भी छापामार कार्रवाई शुरू की। टीम द्वारा जिले के कुसमी तहसील अंतर्गत हाई स्कूल खोखरा प्रभारी प्राचार्य अभिमन्यु सिंह चौहान के पुस्तैनी मकान मड़वास में दो एवं सीधी में एक समेत तीन ठिकानों पर छापामार कार्रवाई शुरू की गई। प्रारंभिक कार्रवाई में प्राचार्य के यहां से 10 चार पहिया वाहन, 4 दो पहिया वाहन, 2 मंजिला आलीशान मकान, जमीन के काफी दस्तावेज और सोने-चांदी के जेवरात मिले हैं। उनके बैंक लाकर की भी जांच की जाएगी। ईओडब्ल्यू ने प्रारंभिक कार्रवाई में आय से अधिक संपत्ति उजागर होने पर प्राचार्य के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार प्राचार्य अभिमन्यु के शहर के अमहा स्थित दो मंजिला आलीशान मकान में जब ईओडब्ल्यू की टीम ने पहुंचकर दरबाजा खटखटाया तो वे स्वत: बाहर निकलकर दरवाजा खोला। इसके बाद 13 सदस्यीय टीम सीधे उनके आलीशान मकान में दाखिल हुई। टीम के साथ इस पूरी कार्रवाई में पुलिस लाइन में पदस्थ पुलिस बल भी सुरक्षा व्यवस्था के चलते मौजूद रहे। ईओडब्ल्यू टीम ने स्थानीय पुलिस अधीक्षक से छापामार कार्रवाई में आवश्यक सहायता मांगी थी जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। प्रभारी प्राचार्य के तीनों ठिकानों में शुरू की गई छापामार कार्रवाई में ईओडब्ल्यू के 50 सदस्य शामिल हैं। उनके द्वारा प्रभारी प्राचार्य के तीनों ठिकानों में जांच कार्रवाई शुरू की गई। बताया गया है कि प्रभारी प्राचार्य अभिमन्यु सिंह चौहान प्रारंभिक तौर पर शिक्षक थे। लेकिन उनकी विद्यालय में आवाजाही काफी कम थी। उनके द्वारा शासकीय नौकरी के साथ ही अन्य कार्यों में भी पूरी सहभागिता निभाई जा रही थी। इसी वजह से उनके पास आय से काफी ज्यादा संपत्ति लगातार जुड़ती रही। वे अपने कार्यशैली को लेकर मड़वास अंचल में भी काफी सुर्खियों में बने हुए थे।
ईओडब्ल्यू में दो महीने पूर्व हुई थी शिकायत: त्रिपाठी
ईओडब्ल्यू टीम के कार्यवाहक निरीक्षक हरीश त्रिपाठी ने बताया कि दो महीने पहले प्रभारी प्राचार्य अभिमन्यु ङ्क्षसह के विरुद्ध भोपाल में शिकायत हुई थी। उक्त शिकायत के आधार पर जांच कार्रवाई शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के कारण आज व्यापक छापामार अभियान शुरू किया गया। ईओडब्ल्यू टीम प्राचार्य से जुड़े वाहनों के दस्तावेज, बैंक रिकार्ड, जमीन और मकान से संबंधित कागजात सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को कब्जे में लिया है। निरीक्षक श्री त्रिपाठी ने बताया कि हम सुबह से छापामार कार्रवाई में लगे रहे कार्रवाई के दौरान कई मत्वपूर्ण दस्तावेजों को बरामद किया गया है। और जांच की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। कई ठिकानों पर छापामार कार्रवाई चल रही है। कार्रवाई पूरी होने तक टीमें विभिन्न ठिकानों पर तैनात रहेंगी। कार्रवाई पूर्ण होने पर हम ज्यादा डिटेल्स दे पाएंगे।
