मक्सी में पेट्रोल पंप पर डकैती की साजिश नाकाम, 5 आरोपी गिरफ्तार

मक्सी, 11 जुलाई. मक्सी पुलिस ने पेट्रोल पंप पर डकैती की साजिश को विफल करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर गुलेल से पत्थर बरसाकर भागने का प्रयास किया, जिसमें आरक्षक चंद्रशेखर जाट घायल हो गए. पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में 20 जून को मक्सी में हुई लूट की वारदात भी कबूल कर ली. उनकी निशानदेही पर करीब 4.50 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर एवं 30 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं. पुलिस ने डकैती की तैयारी में इस्तेमाल की जा रही कार, पॉवर कटर, एयर प्रेशर कटर, तीन गुलेल, पत्थर एवं अन्य औजार सहित करीब 16.50 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है.

शनिवार दोपहर शाजापुर पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने बताया कि थाना मक्सी पर पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 163/2026, धारा 331(6), 309(3) भारतीय न्याय संहिता के प्रकरण में माल एवं आरोपियों की तलाश के दौरान 10 जुलाई 2026 को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि मक्सी बायपास एबी रोड ब्रिज के नीचे सिरोलिया रोड की ओर एक काले रंग की किया सोनेट कार क्रमांक एमपी 13 एके 1978 में पांच व्यक्ति, जो पारदी समुदाय की बोली बोल रहे हैं, जियो पेट्रोल पंप, मक्सी पर डकैती डालने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय वर्मा के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों ने घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे और गुलेल से पत्थर चलाए. इस दौरान आरक्षक 221 चंद्रशेखर जाट के दाहिने हाथ में स्क्रू ड्राइवर लगने से चोट आई, लेकिन पुलिस ने पीछा कर सभी आरोपियों को दबोच लिया.

ये हैं पकड़े गए आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथुन पारदी पिता किशन पारदी, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम खेजड़ा चक, हाल हड्डी मिल, जिला गुना, बाली पारदी पिता करतार सिंह पारदी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम करय्या, थाना बहादुरपुर, जिला अशोकनगर, देवराज पंवार पारदी पिता स्व. भूपत सिंह पंवार, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम विश्वानगर, थाना धरनावदा, हाल बूढ़ा बालाजी, जिला गुना , वनराज पंवार पारदी पिता स्व. भूपत सिंह पंवार, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम विश्वानगर, थाना धरनावदा, हाल बूढ़ा बालाजी, जिला गुना और अभिषेक सेलर केवट पिता धनकुमार केवट, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम पिपलोद, थाना कैंट, जिला गुना के रूप में हुई है.

इनकी रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय वर्मा, उनि मनोहर चौहान, सउनि अभिषेक दीक्षित, प्रआर रामेश्वर जाटव, राजेश पटेल, विपिन सिंह तोमर, निलेश जामलिया तथा आरक्षक चंद्रशेखर जाट, रोहित पटेल, सुरेश मालवीय एवं जगदीश मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही. उत्कृष्ट कार्रवाई के लिए पूरी पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है.

 

20 जून की लूट भी कबूली…

 

आरोपियों ने 20 जून को मक्सी में हुई लूट की वारदात स्वीकार करते हुए सिरोलिया के जंगल में लूट का माल छिपाने की जानकारी दी. पुलिस ने वहां से सोने-चांदी के जेवर और 30 हजार रुपए नकद बरामद किए. एसपी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से वारदात में उपयोग की जाने वाली काले रंग की किया सोनेट कार, पॉवर कटर, एयर प्रेशर कटर, बड़ा स्क्रू ड्राइवर, तीन गुलेल एवं अन्य सामान जब्त किया गया है. गिरफ्तार पांच आरोपियों में से चार के विरुद्ध पहले से चोरी, लूट एवं अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं. पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है.

Next Post

एनडीआरएफ ने चलाया जनजागरूकता अभियान, बाढ़ से बचाव के दिए गुर

Sat Jul 11 , 2026
जबलपुर। 11वीं एनडीआरएफ टीम द्वारा ग्वारीघाट पर जनजागरूकता अभियान आयोजित कर लोगों को आपदा प्रबंधन एवं जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी दी गई। एनडीआरएफ मुख्यालय एवं उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में निरीक्षक रेखा कुमारी ने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में […]

You May Like