
जबलपुर। 11वीं एनडीआरएफ टीम द्वारा ग्वारीघाट पर जनजागरूकता अभियान आयोजित कर लोगों को आपदा प्रबंधन एवं जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी दी गई। एनडीआरएफ मुख्यालय एवं उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में निरीक्षक रेखा कुमारी ने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में सबसे पहले स्थानीय समुदाय ही राहत और बचाव का कार्य करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को आपात परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण और आवश्यक जीवन रक्षक कौशल का ज्ञान होना चाहिए। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ का उद्देश्य जागरूक एवं सक्षम समाज का निर्माण कर आपदाओं से होने वाली जनहानि को न्यूनतम करना है।
बताए गए बचाने के उपाय
अभियान के दौरान एनडीआरएफ टीम ने ग्वारीघाट पर बाढ़ से पहले, बाढ़ के दौरान और बाढ़ के बाद बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी तथा डूबते व्यक्ति को सुरक्षित बचाने के तरीकों का प्रदर्शन भी किया। इसके अलावा टीम ने ग्वारीघाट और भेड़ाघाट क्षेत्र का भ्रमण कर संभावित बाढ़ प्रभावित स्थानों का निरीक्षण एवं रैकी की। स्थानीय नाव संचालकों और नागरिकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देकर आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी बचाव कार्य के लिए तैयार किया गया। इस दौरान एनडीआरएफ के एएसआई जितेंद्र कुमार सहित बचाव दल के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
