
ओंकारेश्वर, श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट ने अपने एक कर्मचारी के इलाज के लिए बड़ी सहायता प्रदान कर मानवता की मिसाल पेश की है। ट्रस्ट में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत 25 वर्षीय सुश्री दिव्या सोलंकी की दोनों किडनियां खराब होने के बाद, मंदिर प्रशासन ने उनके इलाज के लिए तत्काल ₹7 लाख की आर्थिक मदद स्वीकृत की है।
अस्पताल में चल रहा है इलाज, परिवार के सामने था संकट
सुश्री दिव्या सोलंकी पिछले कुछ समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं। तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उनकी दोनों किडनियां काम करना बंद कर चुकी हैं। हालांकि, परिवार ने किडनी दानदाता (डोनर) की व्यवस्था तो कर ली थी, लेकिन प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) और आगे के इलाज के लिए लगभग ₹7 लाख के भारी-भरकम खर्च की जरूरत थी। दिव्या अपने परिवार की एकमात्र मुख्य कमाऊ सदस्य हैं, जिससे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया था।
ट्रस्ट ने तत्काल लिया संज्ञान
चुनौतीपूर्ण हालातों को देखते हुए दिव्या की माता श्रीमती रमा सोलंकी ने मंदिर ट्रस्ट से मदद की गुहार लगाई थी। इस पर प्रबंध ट्रस्टी श्री राव पुष्पेंद्र सिंह और मुख्य कार्यपालन अधिकारी व एसडीएम पुनासा श्री पंकज वर्मा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत संज्ञान लिया और पूरी उपचार राशि मंजूर कर दी।
इस बड़ी सहायता पर दिव्या की माता ने मंदिर ट्रस्ट का हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया। प्रबंध ट्रस्टी श्री राव पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि दिव्या एक बेहद कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार कर्मचारी हैं और संकट की इस घड़ी में अपने स्टाफ के साथ खड़ा होना ट्रस्ट का कर्तव्य है। उन्होंने दिव्या के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। मंदिर ट्रस्ट के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाबा ओंकारेश्वर से दिव्या के सफल ऑपरेशन के लिए प्रार्थना की है।
