अल अमीरात, 06 नवम्बर (वार्ता) तेज गेंदबाज ईशान सूद (18 रन पर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से भारत अंडर 19 ने नेपाल अंडर-19 को अंडर 19 एशिया कप के ग्रुप ए मैच में शुक्रवार को एकतरफा अंदाज में 185 गेंद शेष रहते 10 विकेट से पीट दिया।
नेपाल अंडर 19 को 42.3 ओवर में 128 रन पर ढेर करने के बाद भारतीय टीम ने 19.1 ओवर में बिना कोई विकेट खोये 129 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने नाबाद 53 और आर्यवीर सहवाग ने नाबाद 70 रन बनाकर भारत को जीत दिलाई। रायचंदानी ने 63 गेंदों में सात चौके लगाए जबकि सहवाग ने 52 गेंदों में सात चौके और चार छक्के उड़ाए। ईशान सूद को उनकी घातक गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

