मुंबई, 06 नवंबर (वार्ता)बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ के ट्रेलर की खास झलक मुंबई मीडिया के चुनिंदा प्रतिनिधियों को दिखाई गई। फिल्म का ट्रेलर जल्द ही आधिकारिक रूप से रिलीज किया जाएगा।फिल्म का टीजर और पोस्टर जारी होने के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बनी हुई है। देशभक्ति, बलिदान और युद्ध के दौरान इंसानी जज्बातों एवं उसकी कीमत को दर्शाती यह फिल्म अपनी शुरुआती झलकियों से ही चर्चा में है।
मुंबई में आयोजित एक विशेष मीडिया कार्यक्रम में सलमान खान ने करीब 250 मीडिया प्रतिनिधियों को फिल्म के ट्रेलर का एक्सक्लूसिव प्रीव्यू दिखाया। ट्रेलर की झलक देखने के बाद मीडिया प्रतिनिधियों ने इसकी सराहना की।
फिल्म में आर्मी यूनिफॉर्म में सलमान खान का दमदार अंदाज लोगों को पसंद आया। वहीं, सलमान खान और चित्रांगदा सिंह की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री की भी तारीफ की गई। ट्रेलर के बैकग्राउंड म्यूजिक और गानों की छोटी-छोटी झलकियों ने भी मीडिया प्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया। फिल्म के ट्रेलर को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है।अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।

