सतना: शहर के जवाहर नगर इलाके में एक अजीबोगरीब घटना ने स्थानीय लोगों और प्रशासन का ध्यान खींचा था वहां पर फर्श की गरमाहट कम नहीं हुई। घर स्वामी श्री अंबेश ने बताया कि रविवार को ही घर की अर्थिंग को सुबह 11 बजे काट दिया गया था, ताकि बिजली से संबंधित किसी संभावित कारण को खारिज किया जा सके। इसके बावजूद, फर्श की गर्मी में कोई खास कमी नहीं आई।
सोमवार को उन्होंने गैलरी में और खुदाई करवाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति और भी जटिल हो गई। उन्होंने बताया, खुदाई के दौरान आंच इतनी तेज थी कि मजदूर गैलरी में खड़ा नहीं हो पा रहा था। गैलरी में पड़ा पानी और दूसरा कमरा भी गर्म हो रहा था।”यह स्थिति न केवल रहस्यमयी है, बल्कि आसपास के लोगों में भय और उत्सुकता का माहौल पैदा कर रही है।
गौरतलब है कि रविवार की सुबह जब अंबेश की पत्नी सुबह करीब 7 बजे घर की गैलरी में झाड़ू लगा रही थीं। अचानक उन्हें फर्श से असामान्य गर्मी का अहसास हुआ। फर्श को छूने पर वह इतना गर्म था कि सामान्य स्थिति में ऐसा होना असंभव-सा प्रतीत हुआ। चिंतित होकर अंबेश ने तुरंत अपने मित्र और भू-गर्भ शास्त्र के प्रोफेसर डॉ. शिवानंद को इसकी सूचना दी। डॉ. शिवानंद ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक राहुल द्विवेदी, माइनिंग विभाग, और रीवा के भू-गर्भ शास्त्रियों को सूचित किया।
