यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री नवंबर में 19.7 प्रतिशत बढ़ी, दुपहिया में तीन फीसदी की गिरावट

नयी दिल्ली, 08 दिसंबर (वार्ता) देश में यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री नवंबर में सालाना 19.71 प्रतिशत बढ़कर 3,94,152 पर पहुंच गयी जबकि दुपहिया वाहनों की बिक्री 25,46,184 इकाई रही जो एक साल पहले के मुकाबले 3.10 प्रतिशत कम है।

यात्री वाहनों में कारों, उपयोगी वाहनों और वैनों को शामिल किया जाता है।

वाहन डीलरों के संगठन फाडा ने सोमवार को खुदरा बिक्री के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले साल दिवाली और धनतेरस अक्टूबर से अंत में था और इस अवसर पर की गयी खरीदारी का काफी बड़े हिस्से का पंजीकरण नवंबर में हुआ था। पिछले साल के मजबूत आंकड़ों के परिप्रेक्ष्य में इस साल यात्री वाहनों की बिक्री में वृद्धि काफी बड़ी है क्योंकि यह त्योहारी मांग के बाद के महीने में आयी है। फाडा के अध्यक्ष सी.एस. विग्नेश्वर ने कहा कि ये आंकड़े ग्राहकों के विश्वास और देश के वाहन बाजार की ढांचागत मजबूती का प्रमाण हैं। साथ ही वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में की गयी कटौती का भी असर रहा।

नवंबर में वाहनों की कुल खुदरा बिक्री 2.14 प्रतिशत बढ़कर 33,00,832 इकाई पर पहुंच गयी। तिपहिया वाहनों की बिक्री 23.67 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,33,951 इकाई और ट्रैक्टरों की 56.55 प्रतिशत बढ़कर 1,26,033 इकाई हो गयी।

वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 19.94 प्रतिशत बढ़ी जबकि वाणिज्यिक इक्विपमेंट्स में 16.51 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी।

 

 

Next Post

एनएचएम संविदा स्वास्थ्य पदों के लिए दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया शुरू

Mon Dec 8 , 2025
भोपाल: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश ने सामुदायिक संविदा स्वास्थ्य पदों के उम्मीदवारों के लिए निर्देश जारी कर दिये हैं। जनवरी और जुलाई 2025 में चयनित हुये उम्मीदवारों के दस्तावेज सत्यापन के लिए 5 दिसंबर से प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिसके तहत जिलास्तर पर मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालयों […]

You May Like