Anushka Shetty Birthday: मुंबई, साउथ की सुपरस्टार अनुष्का शेट्टी अपनी एक्टिंग और सादगी के लिए जानी जाती हैं। 140 करोड़ की मालकिन होने के बाद भी वह अपनी दरियादिली और बेहतरीन फिल्मों के लिए फेमस हैं।
फिल्म ‘बाहुबली’ में महारानी ‘देवसेना’ का रोल निभाकर घर-घर में अपनी खास पहचान बनाने वाली पॉपुलर एक्ट्रेस अनुष्का शेट्टी आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। परदे पर अपनी शानदार एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीतने वाली इस एक्ट्रेस की असल जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम दिलचस्प नहीं है।
अपनी मेहनत और बेहतरीन एक्टिंग के दम पर आज वह इंडस्ट्री की सबसे पॉपुलर एक्ट्रेसेस में शुमार हैं। उनकी जिंदगी से जुड़ी कई ऐसी दिलचस्प बातें हैं, जो आम लोगों को हैरान कर देती हैं। आइए जानते हैं उनकी लाइफस्टाइल और सफर से जुड़ी कुछ ऐसी ही खास बातें।
जब ड्राइवर को दे डाली लग्जरी गाड़ी
फिल्म ‘बाहुबली’ की अपार सक्सेस के बाद जब चारों तरफ इस ऐतिहासिक फिल्म की चर्चा हो रही थी, तब अनुष्का शेट्टी ने अपने दरियादिल अंदाज से सबका दिल जीत लिया था। सफलता के इस खास मौके पर उन्होंने अपने एक ड्राइवर को करीब 12 लाख रुपये की शानदार गाड़ी तोहफे में दी थी।
उनके इस कदम की चारों तरफ खूब तारीफ हुई थी। यह वाकया साबित करता है कि करोड़ों दिलों पर राज करने वाली यह अनुष्का शेट्टी जमीन से कितनी जुड़ी हुई हैं और अपने साथ काम करने वाले लोगों का कितना ख्याल रखती हैं।
करोड़ों की प्रॉपर्टी और लग्जरी गाड़ियों का शानदार शौक
खबरों के अनुसार अनुष्का शेट्टी करीब 140 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति की मालकिन हैं। हैदराबाद के पॉश इलाके जुबली हिल्स में उनका एक बेहद आलीशान अपार्टमेंट भी है, जो इस बात की गवाही देता है कि उनका लाइफस्टाइल कितना शानदार है।
फिल्मों में उनकी फीस की बात करें तो वह प्रति फिल्म 4 से 5 करोड़ रुपये चार्ज करती हैं। इसके अलावा उन्हें लग्जरी गाड़ियों का भी बहुत शौक है। उनके कार कलेक्शन में ऑडी ए6, बीएमडब्ल्यू 6 और टोयोटा कोरोल्ला जैसी बेहतरीन गाड़ियां शामिल हैं।
योगा इंस्ट्रक्टर से बड़े पर्दे तक का सफर
बहुत कम लोग इस बात को जानते होंगे कि एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले अनुष्का शेट्टी एक प्रोफेशनल योगा इंस्ट्रक्टर हुआ करती थी। उन्होंने फेमस योग गुरु भरत ठाकुर से योग की शिक्षा ली थी।
एक दिन जब वह क्लास में योग सिखा रही थीं, तब एक डायरेक्टर की नजर उन पर पड़ी और उन्होंने उन्हें फिल्म का ऑफर दे दिया। इस एक छोटे से मोड़ ने उनकी पूरी जिंदगी की दिशा ही बदल दी और उन्होंने साल 2005 में फिल्म ‘सुपर’ से अपने एक्टिंग सफर की शुरुआत की।
कॉन्ट्रोवर्सी की खबरों से जुड़ा रहा नाता
सिनेमाई दुनिया से जुड़े होने के कारण उनका नाम कुछ विवादों और चर्चाओं में भी रहा है। फिल्म ‘साइज जीरो’ के लॉन्चिंग के दौरान एक कॉमेडियन की आपत्तिजनक टिप्पणी ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं, जिसके बाद विवाद भी खड़ा हुआ था।
इसके अलावा एक्टर प्रभास के साथ उनके रिश्ते और शादी की खबरें भी अक्सर मीडिया के गलियारों में तैरती रहती हैं। हालांकि दोनों ने हमेशा एक-दूसरे को सिर्फ अच्छा दोस्त बताया और इन सभी बातों को केवल अफवाह करार दिया। आज ‘बाहुबली’ के बाद वह साउथ सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित और महंगी अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं।
