भोपाल: भोपाल क्राइम ब्रांच ने अवैध शराब तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 20 पेटी अंग्रेजी शराब और एक बोलेरो गाड़ी जब्त की है। जब्त शराब की कीमत लगभग 2 लाख रुपये और बोलेरो गाड़ी की कीमत 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक बोलेरो गाड़ी में शराब लेकर टीटी नगर क्षेत्र में बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर बोलेरो गाड़ी को रोका और तलाशी ली। गाड़ी में 20 पेटी बैग पाइपर विस्की मिली।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुचबदिया (33 वर्ष) और छविकांत सिरोडे (26 वर्ष) के रूप में हुई है।
दीपक कुचबदिया अटल अयुब नगर और छविकांत सिरोडे शंकर नगर का रहने वाला है।पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। दीपक कुचबदिया पर पहले भी कई थानों में मामले दर्ज हैं, जिनमें आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले शामिल हैं। छविकांत सिरोडे पर भी छोला मंदिर थाने में मामले दर्ज हैं।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी शराब कहां से ला रहे थे और किसे बेचने वाले थे।
