
गुना। नियमितीकरण सहित 8 सूत्रीय मांगों को लेकर 2 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने गुना में सोमवार को अनोखा विरोध-प्रदर्शन किया। बार-बार ज्ञापन और निवेदन करने के बावजूद सुनवाई नहीं होने पर स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सांकेतिक रूप से भैंस के सामने बीन बजाकर यह बताने का प्रयास किया कि जिस तरह बीन बजाने से भैंस को कोई फर्क नहीं पड़ता, उसी तरह सरकार भी उनकी सुनवाई नहीं कर रही है।
बता दें कि गुना जिले के 417 सहित प्रदेशभर के कुल 32 हजार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। जिसकी वजह से सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह चरमरा गई हैं। सोमवार को विरोध-प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने एक भैंस के सामने अपना बैनर लगाया और सांकेतिक रूप से बीज बजाकर अपना आक्रोश बयां किया है। संविदा कर्मचारियों ने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा संविदा व्यवस्था को अभिशाप बताए जाने का भी जिक्र किया। वहीं वर्तमान मोहन यादव सरकार पर उनकी मांगों को अनदेखा करने का भी आरोप लगाया है। उधर, हड़ताल की वजह से सोमवार को जब सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ उमड़ी तो मरीजों तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। दवा वितरण से लेकर प्रमाण पत्र और अन्य काम या तो पूरी तरह ठप पड़ चुके हैं या फिर सेवाएं दे रहे शेष कर्मचारियों पर काम का बोझ कई गुना बढ़ गया है। जिसकी वजह से अस्पताल के नियमित महकमे में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
