सीधी : जिले के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कंजवार के माध्यमिक शिक्षक (अंग्रेजी) एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक शैलेन्द्र प्रताप सिंह का नेशनल टीचर अवॉर्ड-2026 के लिए चयन हुआ है। देशभर से चयनित 48 शिक्षकों में शैलेन्द्र प्रताप सिंह मध्यप्रदेश से चयनित दो शिक्षकों में शामिल हैं। उन्हें 5 सितम्बर 2026 को विज्ञान भवन नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय को जनभागीदारी, नवाचार और समावेशी शिक्षा के माध्यम से नई पहचान दिलाने के उनके प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर यह महत्वपूर्ण मान्यता मिली है। शैलेन्द्र प्रताप सिंह की शिक्षकीय यात्रा 22 अक्टूबर 2011 को शासकीय प्राथमिक शाला अगरियान टोला कंजवार में प्रथम पदस्थापना से शुरू हुई। उस समय विद्यालय में मात्र 11 विद्यार्थी नामांकित थे और इनमें भी केवल 3 विद्यार्थी उपस्थित थे।
जर्जर भवन, सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने पिता, जो स्वयं शिक्षक थे, से प्रेरणा लेकर शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाने का संकल्प लिया। निरंतर प्रयासों से विद्यालय का नामांकन 11 से बढ़कर 121 तक पहुंचा। विद्यार्थियों ने जवाहर नवोदय विद्यालय तथा विभिन्न ओलिंपियाड परीक्षाओं में सफलता हासिल की। शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने ग्रामवासियों, पालकों,विद्यालय प्रबंधन समिति और जनप्रतिनिधियों को विद्यालय विकास से जोड़ते हुए जनभागीदारी अभियान शुरू किया। इसके परिणामस्वरूप लगभग 5 लाख रुपये का सहयोग प्राप्त हुआ। इस सहयोग से लगभग 900 फीट बाउंड्री वॉल, पेयजल व्यवस्था, भवन मरम्मत, रंगाई-पुताई और फर्नीचर सहित विभिन्न कार्य कराए गए। विद्यालय के नवीन भवन के लिए 51 लाख रुपये तथा विधायक निधि से 25 लाख रुपये की स्वीकृति भी प्राप्त हुई। उन्होंने अपने व्यावसायिक विकास के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया। राज्य एवं जिला स्तर पर मास्टर ट्रेनर के रूप में भी उन्होंने शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्हें राज्यपाल म.प्र. द्वारा राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान, कलेक्टर सीधी द्वारा स्टार ऑफ द मंथ व विश्वामित्र आदर्श शिक्षक सम्मान सहित विभिन्न सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
