ननि का कर संग्रहकर्ता 3000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

जबलपुर:लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने नगर निगम जोन क्रमांक-10 रांझी में पदस्थ कर संग्रहकर्ता को तीन हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी ने टैक्स रसीद में नाम परिवर्तन के एवज में रिश्वत की मांग की थी।जानकारी अनुसार शिकायतकर्ता दीपक कुशवाहा, निवासी रांझी बड़ा पत्थर (मानेगांव), ने लोकायुक्त को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी के नाम पर मुंडी टोरिया में एक नजूल का मकान है। इस मकान की नगर निगम टैक्स रसीद में पुराने धारक के स्थान पर अपनी पत्नी का नाम दर्ज कराने के लिए वे नगर निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे थे।
संभागीय कार्यालय नगर निगम जोन-10, रांझी में पदस्थ कर संग्रहकर्ता चन्द्रभान नोनिया (मूल पद ग्राम सचिव) ने इस काम के बदले 5000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। आज ट्रैप की योजना बनाई गई। जैसे ही दीपक कुशवाहा ने आरोपी चन्द्रभान नोनिया को उसके घर पर रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 3000 रुपये थमाए, पहले से घेराबंदी कर खड़ी लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त टीम ने आरोपी के हाथ धुलवाए, तो वे गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Next Post

बस स्टैंड और सब्जी मंडी क्षेत्र में चला सख्त अभियान, सड़क और फुटपाथ कराए अतिक्रमण मुक्त

Tue Feb 17 , 2026
सिंगरौली। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिक निगम सिंगरौली ने सख्त रुख अपनाते हुए सब्जी मंडी और बस स्टैंड रोड क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की। नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के निर्देशन और उपायुक्त आरपी बैस के नेतृत्व में निगम अमले ने सड़क और फुटपाथ पर […]

You May Like