नई दिल्ली, 03 दिसंबर, 2025: केंद्र सरकार कमर्शियल वाहन चालकों को निजी कैब कंपनियों की निर्भरता से आजाद कराने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लोकसभा में ‘भारत टैक्सी’ मोबाइल ऐप लॉन्च करने की योजना की घोषणा की है। यह ऐप ‘जीरो कमीशन मॉडल’ पर आधारित होगा, जिससे कैब ड्राइवरों को हर सवारी से होने वाली पूरी कमाई मिलेगी और यात्रियों को भी पारदर्शी किराया प्राप्त होगा।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने बताया कि ‘भारत टैक्सी’ डिजिटल ऐप का संचालन ‘सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड’ द्वारा किया जाएगा। यह संस्था एमएससीएस अधिनियम 2002 के तहत पंजीकृत है और इसे 6 जून 2025 को आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया जाएगा। इस सहकारी-नेतृत्व वाले डिजिटल प्लेटफॉर्म से यात्रियों के लिए पारदर्शी किराया प्रणाली, लाइव लोकेशन ट्रैकिंग और 24×7 ग्राहक सेवा जैसी आकर्षक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस नए प्लेटफॉर्म के बाजार में आने से प्राइवेट कैब सेवा देने वाली कंपनियों को कड़ी टक्कर मिलने की संभावना है। सबसे पहले ‘भारत-टैक्सी’ का पायलट प्रोजेक्ट नवंबर में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से शुरू किया जाएगा, जिसमें लगभग 650 ड्राइवर हिस्सा लेंगे। दिल्ली में सफल परीक्षण के बाद, इसे दिसंबर से धीरे-धीरे पूरे देश के अन्य प्रमुख शहरों में लागू किया जाएगा।

