ग्वालियर: शहर की 300 लोकेशन की जमीन के दाम बढ़ेंगे। इनमें एयरपोर्ट, हुरावली, अलापुर, खुरैरी और दालबाजार शामिल हैं। पंजीयन कार्यालय में हुई बैठक में अधिक दाम पर हुई पुरानी रजिस्ट्री, विकसित क्षेत्र और सर्वाधिक खरीद वाले इलाके में दाम वृद्धि का खाका तैयार करने की कवायद हुई। वर्तमान स्थिति में ग्वालियर की 300 लोकेशन पर दाम वृद्धि संभव है। यह प्रस्ताव अब उप मूल्यांकन समिति में रखा जायेगा। यहां यदि कुछ संशोधन नहीं हुए तो उक्त प्रस्तावों पर मंजूरी मिल जायेगी।
अभी उक्त समिति की तारीख ही तय नहीं है लेकिन यह काम 15 जनवरी से पूर्व हो जाना था। वरिष्ठ जिला पंजीयक अशोक शर्मा ने उप पंजीयकों संग बैठक की। महानिरीक्षक पंजीयन की गाइड लाइन पर दूसरी बैठक 3 फरवरी को होनी है। अभी जिले की इनकम व दस्तावेज दोनों ही गत वर्ष से कम हैं। अगले दो महीने में काम बढ़ेगा। इस बार औसत वृद्धि 20 फीसदी तक प्रस्तावित करेंगे। कुछ लोकेशन पर यह 100 फीसदी से अधिक भी हो सकती है। 45 से ज्यादा लोकेशन मर्ज होंगी।
