नवीन औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए 10 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति

जबलपुर: जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड की कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित बैठक में जिले की औद्योगिक विकास को गति देने, नये औद्योगिक क्षेत्रों के लिये भूमि का चयन तथा फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर की स्थापना पर उद्योगपतियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने भारत सरकार की एमएसई सीडीपी योजना अंतर्गत फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर की स्थापना पर चर्चा के दौरान महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र को इस बारे में उद्योगपतियों की जल्दी बैठक आयोजित करने तथा एसपीवी गठित कर फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना के इच्छुक उद्यमियों को सूचिबद्ध करने निर्देशित किया। महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने बताया कि मोहनिया में नवीन औद्योगिक क्षेत्र के विकास हेतु 10 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में फायर स्टेशन की स्थापना पर भी चर्चा की गई। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने इस बारे में बताया कि जल्दी ही नगर निगम के अधिकारियों के साथ औद्योगिक क्षेत्रों का संयुक्त भ्रमण कर फायर स्टेशन के लिये भूमि चिन्हित की जायेगी।
औद्योगिक क्षेत्र से हटेंगे अतिक्रमण
कलेक्टर ने बैठक में रिछाई एवं आधारताल स्थित औद्योगिक क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने तथा बाउंड्रीवाल निर्माण एवं नाला के कार्यों में प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने गारमेंट क्लस्टर के डाईंग और वाशिंग प्लांट को शीघ्र प्रारंभ करने के तथा रिछाई में टेक्नोलॉजी सेंटर के कार्य में गति लाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने फर्नीचर क्लस्टर के लिये भटौली में आबंटित भूमि के मद परिवर्तन की कार्यवाही शीघ्र पूरी करने नगर तथा ग्राम निवेश के अधिकारियों को दिये।
नवीन औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि चिन्हित
बैठक में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम के कार्यकारी संचालक अनिल राठौर ने निगम के अधीन औद्योगिक क्षेत्र मे उपलब्ध रिक्त भूखंडों की जानकारी बैठक में दी। महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र विनीत रजक ने नवीन औद्योगिक क्षेत्र हेतु भूमि चयन के सम्बंध में जानकारी देते हुये बताया कि कठौंदा में 15 एकड़, पनागर विकासखण्ड के झुरझुरु में 7 एकड़, पाटन विकासखण्ड के ग्राम ककरहेटा में 2 एकड़ तथा शहपुरा विकासखण्ड के ग्राम झांसी में औद्योगिक क्षेत्र के विकास हेतु 90 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है।
ये रहे उपस्थित
बैठक में केंद्र शासन के एमएसएमई विभाग के सुजीत कुमार घोष, अधीक्षण यंत्री पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी संजय अरोरा, उप संचालक उद्यान नेहा पटेल, लीड बैंक ऑफिसर दिवाकर ठाकुर, उद्योग संघों की ओर से डी आर जैसवानी, सुबोध जैन, शंकर नागदेव, अखिल मिश्रा, गौरव अग्रवाल, विवेक मोहन पाठक, दीपक जैन, पंकज महेश्वरी, मुकेश जैन, दीपक नौगरिया, मुनींद्र मिश्रा एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Next Post

अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

Sun Mar 29 , 2026
जबलपुर: तिलवारा थाना अंतर्गत ग्राम झिरी पिपरिया मार्ग पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बहन के घर से लौट रहे बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की बाइक के परखच्चे उड़ गए।पुलिस […]

You May Like