
ढाका, 06 सितंबर (वार्ता) बंगलादेश के खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने रविवार को कहा कि बंगलादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) हर साल होनी चाहिए और वे इसके भविष्य पर चर्चा करने के लिए बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के साथ बैठक करेंगे। बीपीएल देश का एकमात्र फ्रेंचाइजी-आधारित टी-20 टूर्नामेंट है। बीसीबी अध्यक्ष तमीम इकबाल ने पहले घोषणा की थी कि वे बीपीएल तब तक शुरू करने के लिए तैयार नहीं हैं जब तक कि वे उन मुद्दों को हल नहीं कर लेते जिन्होंने टूर्नामेंट की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए थे। हालांकि बीपीएल फ्रेंचाइजी ने बोर्ड के इस कदम का स्वागत किया, लेकिन क्रिकेटरों को यह पसंद नहीं आया, क्योंकि वे अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहे थे; यह टूर्नामेंट उनकी आय के मुख्य स्रोतों में से एक था। बाद में बीसीबी ने घरेलू क्रिकेट के लिए मैच फीस बढ़ा दी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि क्रिकेटर आर्थिक रूप से सुरक्षित रहें।
खेल राज्यमंत्री अमीनुल ने कहा कि बीपीएल जैसा लोकप्रिय टूर्नामेंट हर साल होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि बोर्ड ने टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया है, जब मीडिया ने इस मामले की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया।
अमीनुल ने रविवार को ढाका में पत्रकारों से कहा, “मुझे अभी-अभी आप लोगों (मीडिया) से पता चला है, मुझे नहीं पता था कि बीपीएल नहीं होगा। बीपीएल बंगलादेश के लिए एक लोकप्रिय टूर्नामेंट है।”
उन्होंने कहा, “आप कह रहे हैं कि बोर्ड प्रेसिडेंट ने आप सभी के सामने कुछ वाजिब कारण रखे। मुझे लगता है कि बीपीएल जैसा टूर्नामेंट हर साल होना चाहिए। ऐसा क्यों नहीं हुआ, इस पर हमें चर्चा करने की ज़रूरत है। ज़ाहिर है, हम भविष्य में इस बात का ध्यान रखेंगे कि इस तरह का टूर्नामेंट रेगुलर तौर पर हो।”
