बस स्टैंड और सब्जी मंडी क्षेत्र में चला सख्त अभियान, सड़क और फुटपाथ कराए अतिक्रमण मुक्त

सिंगरौली। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिक निगम सिंगरौली ने सख्त रुख अपनाते हुए सब्जी मंडी और बस स्टैंड रोड क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की। नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के निर्देशन और उपायुक्त आरपी बैस के नेतृत्व में निगम अमले ने सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से दुकान लगाने वाले आधा सैकड़ा से अधिक अतिक्रमणकारियों को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया।

नगर निगम को लगातार शिकायत मिल रही थी कि बस स्टैंड और मंडी क्षेत्र में व्यापारी सड़क पर दुकान लगाकर यातायात बाधित कर रहे हैं। इससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। निगम द्वारा पूर्व में व्यापारियों को उनके व्यवसाय के अनुरूप चिन्हित स्थानों पर दुकान लगाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण जारी रहा। इसके बाद निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया।

उपायुक्त आरपी बैस ने बताया कि बैढ़न स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड के पास साप्ताहिक बाजार के दौरान मुख्य सड़क और फुटपाथ पर बैठकर सब्जी एवं अन्य सामग्री बेच रहे लगभग 50 व्यापारियों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों का सामान भी जब्त किया गया और उन्हें अंतिम चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर सामान जब्त करने के साथ आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा।

इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, अतिक्रमण प्रभारी विपिन तिवारी, विशाल सोनी, आईसी मैनेजर आशीष शुक्ला सहित नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता और अमला मौजूद रहा।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और आम जनता की सुविधा के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

भिंड में पार्षद पति ने लगाई झाड़ू, 15 दिन से नहीं उठा था कचरा

Tue Feb 17 , 2026
भिंड। वार्ड क्रमांक 20 में सफाई व्यवस्था ठप होने से नाराज पार्षद पति ने खुद झाड़ू लगाकर विरोध जताया। वार्ड में पिछले 15 दिनों से न तो झाड़ू लगी थी और न ही कचरा उठाने वाली गाड़ी आ रही थी। पार्षद सुलेखा दूरवार के पति विनोद दूरवार ने वार्डवासियों के […]

You May Like