बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी: उत्कृष्ट विद्यालय के स्ट्रांग रूम में पहुंचे प्रश्न पत्र, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

छतरपुर। एमपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1, छतरपुर में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सभी विषयों के प्रश्न पत्र सुरक्षित रूप से रख दिए गए हैं। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, बोर्ड के प्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

प्रश्न पत्र जीपीएस सिस्टम से लैस ट्रक के माध्यम से लाए गए थे। ट्रक में लगे सभी इलेक्ट्रॉनिक और सामान्य लॉकों की जांच स्वयं जिला पंचायत सीईओ ने की। कुल 796 बॉक्स में प्रश्न पत्र स्ट्रांग रूम में रखे गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत स्ट्रांग रूम में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहेंगे और सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं।

प्रशासन के अनुसार 6 और 7 फरवरी को प्रश्न पत्र केंद्रवार संबंधित पुलिस थानों तक भेजे जाएंगे। वहां से परीक्षा के दिन कलेक्टर द्वारा नियुक्त प्रतिनिधियों और केंद्र अध्यक्षों की उपस्थिति में प्रश्न पत्र परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। प्रश्न पत्र भी कलेक्टर प्रतिनिधि की मौजूदगी में ही खोले जाएंगे।

एमपी बोर्ड ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर केवल कलेक्टर प्रतिनिधि ही मोबाइल फोन ले जा सकेंगे, ताकि आवश्यक पासवर्ड और छात्रों की उपस्थिति-अनुपस्थिति की जानकारी तुरंत भेजी जा सके।

जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने कहा कि जिला प्रशासन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

 

Next Post

तमिलनाडु में हल्का भूकंप, कोई नुकसान नहीं

Fri Jan 30 , 2026
चेन्नई, 30 जनवरी (वार्ता) तमिलनाडु के दक्षिणी जिले विरुधुनगर में कल रात हल्का भूकंप आया। मौसम विभाग ने बताया कि इसकी तीव्रता 3.0 थी और यह भारतीय समयानुसार रात 9:06:57 बजे अक्षांश 9.44 उत्तर और देशांतर 77.71 पूर्व पर विरुधुनगर क्षेत्र में 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। हालांकि लोगों […]

You May Like