राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा शहर, 17 स्कूलों के बच्चों ने निकाली रैली

महू:ड्रीमलैंड चौराहा स्थित नेहरू प्रतिमा पर विशाल बाल रैली और बालसभा के साथ 46वें बाल महोत्सव-2026 का रंगारंग शुभारंभ हुआ. दस दिनों तक चलने वाले इस भव्य महोत्सव की शुरुआत में बच्चों का उत्साह और अनुशासन देखते ही बन रहा था. इस अवसर पर निकाली गई इस रैली में शामिल होने के लिए शहर के विभिन्न स्कूलों के बच्चे सुबह 8 बजे से ही देवी अहिल्या सीबी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पर एकत्रित होने लगे थे. यहां भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ मध्य प्रदेश शाखा के अध्यक्ष विमलचंद जैन ने अहिल्या माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया.
रैली में नगर के 17 स्कूलों के विद्यार्थी शामिल हुए, जो अपने-अपने विद्यालयों के बैनर थामे कतारबद्ध होकर पूर्ण अनुशासित रूप से चल रहे थे. बच्चे चाचा नेहरू अमर रहे और जब तक सूरज चांद रहेगा, चाचा तेरा नाम रहेगा जैसे गगनभेदी नारे लगा रहे थे. रैली में समर्थ युवा सशक्त भारत की पट्टिकाएं, महापुरुषों के चित्र और कई बच्चे महापुरुषों का रूप धरे आकर्षण बने हुए थे. रैली के आगे चल रहे घोड़े, राष्ट्रीय गीत बजाते विभिन्न स्कूलों के बैंड और बच्चों की रेलगाड़ी ने समां बांध दिया. शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी इस रैली का जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ और बच्चों को शुद्ध जल व टॉफियां बांटी गईं.
नेहरू प्रतिमा पर बालसभा में बदला कारवां
यह विशाल रैली ड्रीमलैंड चौराहे पर पहुंचकर बालसभा में परिवर्तित हो गई. यहां पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल के मुख्य आतिथ्य एवं शिक्षाविद् हेमलता पाटीदार की अध्यक्षता में बाल सभा का आयोजन हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत में सत्यनारायण पटेल, हेमलता पाटीदार, राधेश्याम बियाणी, सत्यनारायण दाजी, रामलाल प्रजापति, शक्तिसिंह गोयल और योगेश मूंदड़ा ने नेहरू जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद अतिथियों ने हवा में श्वेत कबूतर और रंग-बिरंगे गुब्बारों के साथ महोत्सव का बैनर उड़ाकर इसका विधिवत आगाज किया.
देशभक्ति के गीतों से झूमे लोग, मार्चपास्ट के नतीजे घोषित
कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक शोएब खान ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया. इस दौरान मार्चपास्ट प्रतियोगिता के परिणाम भी घोषित किए गए. बाल रैली के दौरान आयोजित मार्चपास्ट प्रतियोगिता में कड़ी टक्कर देखने को मिली, जिसमें प्रथम स्थान श्री एकेडमी कोदरिया रही. द्वितीय स्थान पर बिग ड्रीम एकेडमी जामली व तृतीय स्थान पर श्री माहेश्वरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महू रहे.

Next Post

प्रकृति का अनोखा चमत्कार, एक साथ जन्मे तीन बच्चे

Sun Nov 15 , 2026
विनय असाटी दमोह।प्रकृति का एक अनोखा चमत्कार फिर देखने को मिला है। जब दमोह जिला अस्पताल के मातृ व शिशु रोग (एम.सी.एच.) विभाग में 20 वर्षीय महिला ने पहली डिलीवरी में तीन बच्चों को जन्म दिया है।डॉक्टर सुनील जैन के अनुसार तीनों नवजातों का वजन करीब 1 किलो बताया जा […]

You May Like