
नयी दिल्ली, 05 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शनिवार को चीनी में नरमी रही। चीनी के साथ ज्यादातर दालों के दाम भी गिर गये। चावल में मजबूती देखी गयी जबकि गेहूं की कीमत पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर ही पड़ी रही। खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 53 रुपये गिरकर 5,687 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गुड़ भी 96 रुपये की गिरावट में 6,005 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया।
खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत 41 पैसे घटकर 61.52 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 46 रुपये बढ़कर 4,121 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 2,865 रुपये प्रति क्विंटल के पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर ही रहा। आटे का भाव सात रुपये टूट गया। दाल-दलहनों में तुअर दाल की औसत कीमत 53 रुपये और उड़द दाल की 33 रुपये प्रति क्विंटल गिर गयी। मूंग दाल 31 रुपये और मसूर दाल 29 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई। वहीं, चना दाल पांच रुपये प्रति क्विंटल मजबूत हुई। खाद्य तेलों में आज मूंगफली तेल की औसत कीमत 319 रुपये प्रति क्विंटल लुढ़क गयी। वनस्पति 43 रुपये और पाम ऑयल 37 रुपये सस्ता हुआ। सूरजमुखी तेल की कीमत गत दिवस के स्तर पर ही पड़ी रही। सरसों तेल 80 रुपये और सोया तेल 11 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ।
