
सिंगरौली । संदीपनि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय देवसर में कक्षा 11वीं के एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घायल छात्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर में उपचार कराया गया। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार कक्षा 11वीं सेक्शन-बी के छात्र सागर सोनी निवासी ग्राम इटार ने विद्यालय में कुछ छात्रों द्वारा कथित रूप से सिगरेट पीने की शिकायत शिक्षक के माध्यम से प्राचार्य सीपी प्रजापति से की थी। परिजनों का आरोप है कि इसी शिकायत से नाराज कुछ छात्रों ने लंच अवकाश के दौरान विद्यालय परिसर में बाहरी युवक के साथ मिलकर सागर के साथ मारपीट कर दी। घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना में उमरहर निवासी दिलशाद राजा भी शामिल था, जो घटना के बाद फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने अभी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। प्राचार्य ने बताया कि छात्रों के बीच विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत करा दिया गया। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी छात्रों के विरुद्ध विद्यालय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जबकि पुलिस वैधानिक कार्रवाई करेगी। घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
