नयी दिल्ली, 19 सितंबर (वार्ता) गृह मंत्री अमित शाह और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत राष्ट्रविरोधी ताकतों के लिए स्पष्ट संदेश है, जो युवा शक्ति को अपने राष्ट्रविरोधी एजेंडे की प्रयोगशाला बनाना चाहती हैं।
देश के युवा आज ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े हैं और यही इस जनादेश का सबसे बड़ा संदेश है।
श्री शाह ने अभाविप के विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा
कि अभाविप की शानदार जीत पर परिषद के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। उन्होंने कहा, ” यह जीत युवाओं के परिषद की ‘राष्ट्र प्रथम’ विचारधारा और छात्र कल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता में अटूट विश्वास को दर्शाती है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस जीत से नयी ऊर्जा प्राप्त कर परिषद के कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का अनुसरण करते हुए छात्र हितों और राष्ट्र निर्माण के कार्य को निरंतर आगे बढ़ाएंगे।”
उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय केवल एक विश्वविद्यालय नहीं है। देश के हर कोने से विद्यार्थी यहां पढ़ने आते हैं। यहां मिला जनादेश पूरे भारत के युवाओं की भावनाओं का प्रतिबिंब है। आज अभाविप की शानदार जीत उन राष्ट्रविरोधी ताकतों के लिए स्पष्ट संदेश है, जो युवा शक्ति को अपने राष्ट्रविरोधी एजेंडे की प्रयोगशाला बनाना चाहती हैं। देश के युवा आज ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े हैं और यही इस जनादेश का सबसे बड़ा संदेश है।
श्री गडकरी ने कहा कि डूसू चुनाव में अभाविप की ऐतिहासिक और शानदार जीत पर परिषद के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। अध्यक्ष पद पर यश डबास, सचिव पद पर रिया छाबड़ा और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह को इस गौरवपूर्ण जीत के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।
उन्होंने कहा, ” मुझे पूरा विश्वास है कि परिषद के ये युवा साथी ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। नवनिर्वाचित टीम छात्र कल्याण और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में नये मानदंड स्थापित करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करती रहेगी और देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए समर्पित रहेगी। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं।”
