इंदौर: भंवरकुआं थाना क्षेत्र के चितावद इलाके में दोपहर एक 14 वर्षीय किशोरी ने घर की छत पर स्थित कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. मृतिका आठवीं कक्षा की छात्रा थी और परिजनों ने उसकी मौत के पीछे क्षेत्र के एक युवक द्वारा की जा रही छेड़छाड़ को जिम्मेदार ठहराया है.
परिजनों ने पुलिस को बताया कि किशोरी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी.
करीब तीन महीने पहले एक युवक द्वारा लगातार परेशान किए जाने की शिकायत भंवरकुआं थाने में की गई थी, लेकिन उस वक्त पुलिस ने मामला हल्का मानते हुए सिर्फ समझाइश देकर युवक को छोड़ दिया था. यदि उस समय सख्ती की जाती तो शायद आज उनकी बेटी जिंदा होती. घटना उस समय हुई जब किशोरी घर पर अपनी दो बहनों के साथ थी. वह ऊपर के कमरे में गई और कुछ देर बाद जब बहनों ने उसे नहीं देखा तो जाकर देखा किशोरी फांसी पर लटकी हुई थी.
तत्काल परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. भंवरकुआं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले में भंवरकुंआ थाना प्रभारी राजकुमार यादव का कहना है कि परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
