जबलपुर: रामदास रजक और अंकित रजक से परेशान होकर मैं आत्महत्या कर लूंगा, इन लोगों ने चरगवां में सिकमी पर दी गई कृषि भूमि पर कब्जा कर लिया गया है, कब्जा छोड़ने को तैयार नहीं हैं और मुझे जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। यह बातें शहपुरा तहसील के किसान डालचंद परस्ते ने कहते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है साथ ही राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई।
पीड़ित किसान का कहना है कि रामदास रजक और अंकित रजक को उसने छह साल पहले जमीन सिकमी पर दी थी, जिस पर दोनों ने कब्जा कर लिया। शहपुरा तहसील और चरगवां थाने में शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अगर अब उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या के लिए मजबूर हो जाएगा। मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है, मामले की जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
