
डिंडोरी। सोमवार को समनापुर पुलिस ने वन्य जीवों का शिकार करने की योजना बना रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घुघराई घाट जंगल में कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र कुमार मरावी, सिकल चंद मरावी, राज कुमार मरावी और अशोक कुमार मरावी को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी खमरिया के रहने वाले हैं।
मौके से पुलिस ने शिकार में इस्तेमाल होने वाले फंदा, सांग और कोला बरामद किए। थाना प्रभारी कामेश धूमकेती के अनुसार, बांधा तालाब की तरफ जाने वाले रास्ते पर घुघराई घाट के जंगल में कुछ लोगों के शिकार की तैयारी करने की सूचना मिली थी। इस पर तुरंत टीम गठित कर कार्रवाई की गई। आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
