एशियन गेम्स पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 19 रनों से धूल चटाकर गोल्ड मेडल का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस मैच के दौरान एक ऐसा मोड़ आया जहां पाकिस्तानी गेंदबाज ने भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के सामने ओछी हरकत का परिचय दिया।
क्या है आक्रामक जश्न का पूरा मामला?
पिच पर बैटिंग कर रहे वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद सैम अयूब ने आक्रामक और मजाकिया लहजे में बच्चे को गोद में झुलाने वाला इशारा करते हुए उन्हें चिढ़ाना शुरू कर दिया। हालांकि, सूर्यवंशी ने इस हरकत पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और बेहद परिपक्वता दिखाते हुए सीधे पवेलियन लौट गए।
मैच के तीसरे ओवर में अयूब ने सूर्यवंशी को 9 गेंदों पर 15 रन बनाने के बाद आउट कर दिया था। सूर्यवंशी रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में कैच आउट हुए थे।
जानें अकमल ने क्या दिया बयान?
अब इसको लेकर सोशल मीडिया पर काफी विवाद हो रहा है। इस बीच पूर्व पाकिस्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल सैम अयूब की इस बचकानी हरकत पर भड़क गए हैं और उन्होंने अयूब की जमकर क्लास लगाई है।
अकमल ने यूट्यूब शो ‘गेम प्लान’ पर अयूब की इस हरकर की आलोचना करते हुए कहा, “हमारा पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन मैदान पर बिल्कुल भी अच्छा नहीं है, लेकिन हम ऐसी हरकतें सिर्फ सोशल मीडिया पर छाने और रील्स बटोरने के लिए कर रहे हैं। टीम प्रबंधन को इस मामले में गंभीरता से विचार करना चाहिए। हर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सम्मान का हकदार होता है और किसी का भी मैदान पर इस तरह मजाक नहीं उड़ाया जाना चाहिए।”
अयूब कोई बच्चा नहीं- अकमल
अकमल ने अयूब की हरकत को अपरिपक्वता की निशानी बताते हुए कहा कि, अयूब को यह समझने की जरूरत है कि वह अब कोई बच्चे नहीं हैं। उन्हें अपने प्रदर्शन पर ध्यान देना चाहिए। जब वह पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, तो उन्हें जिम्मेदारी से व्यवहार करना चाहिए और टीम प्रबंधन को भी ध्यान देने की जरूरत है। बता दें कि अयूब की इस हरकत के बाद भी भारत ने जीत दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर लिया।
