आरव भास्कर व अनुरुद्ध कुमार दोहरे खिताब से एक जीत दूर

लखनऊ, 26 नवंबर (वार्ता) छठीं वरीय यूपी के आरव भास्कर ने 24वीं एल्डिको कप आइटा सीएस अंडर-18 टेनिस टूर्नामेंट में उलटफेर करते हुए गुरुवार को बालक एकल के फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं तीसरी वरीय अनुरुद्ध कुमार ने शीर्ष वरीय वंशराज जलोटा को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।

युगल में भी अनुरुद्ध कुमार और वंशराज जलोटा की जोड़ी फाइनल में पहुंच गई जबकि आरव भास्कर भी अपने जोड़ीदार रोहिन राज संग फाइनल में पहुंच गए। इससे अनुरुद्ध और आरव ने दोहरे खिताब की उम्मीदें बरकरार रखीं।

उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित टूर्नामेंट में गुरुवार को सेमीफाइनल खेले गए। एकल के पहले सेमीफाइनल में छठीं वरीय यूपी के आरव भास्कर ने चौथी वरीय रोहिन राज को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। आरव ने शुरुआत से ही बेहतर तालमेल और दमदार खेल का प्रदर्शन किया तथा रोहिन को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

दूसरे सेमीफाइनल में यूपी के तीसरी वरीय अनुरुद्ध कुमार ने शीर्ष वरीय यूपी के वंशराज जलोटा को 6-2, 6-3 से पराजित कर हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। अनुरुद्ध ने दोनों सेटों में आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी।

बालक युगल के सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय अनुरुद्ध कुमार और वंशराज जलोटा की जोड़ी ने ध्रुव सिंह और विराट सिंह को टाईब्रेक तक खिंचे मुकाबले में 7-6(5), 6-4 से हराया। वहीं दूसरी वरीय रोहिन राज और आरव भास्कर की जोड़ी ने अनय श्रीवास्तव और देवांश विज को 6-4, 6-0 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया।

 

 

Next Post

नेटफ्लिक्स को भारत में पाकिस्तान मूल की सामग्री प्रसारित नहीं करने के निर्देश

Thu Nov 26 , 2026
नयी दिल्ली, 26 नवंबर (वार्ता) सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स को मई 2025 में जारी एडवाइजरी का पालन करते हुए पाकिस्तान मूल की किसी भी सामग्री को भारत में दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं कराने का निर्देश दिया है। सूत्रों के अनुसार मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से जून […]

You May Like