जालंधर, 26 जून (वार्ता) भारतीय (महिला और पुरुष) हॉकी टीम के पूर्व कोच और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित ओलंपियन राजिंदर सिंह ने गुरुवार को यहां सुरजीत हॉकी स्टेडियम में आयोजित वार्षिक सुरजीत हॉकी कोचिंग कैंप में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए अपना अनुभव साझा किया।
सुरजीत हॉकी सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) इकबाल सिंह संधू ने बताया कि युवा हॉकी प्रतिभाओं को निखारने और अगली पीढ़ी के चैंपियनों की खोज करने के उद्देश्य से जिला उपायुक्त हिमांशु अग्रवाल (जो सोसाइटी के अध्यक्ष भी हैं) के कुशल मार्गदर्शन में स्थापित सुरजीत हॉकी अकादमी द्वारा स्थानीय स्टेडियम में जारी ग्रीष्मकालीन हॉकी कोचिंग शिविर में ओलंपियन सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि खिलाड़ियों और कोचिंग पैनल के पदाधिकारियों से परिचय करने के बाद उनके साथ खेलने के अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते कहा कि अगर किसी खिलाड़ी को सही समय पर सही रास्ता मिल जाए और सही ट्रैक पर चले तो वह खिलाड़ी निश्चित रूप से अपना लक्ष्य हासिल करता है। सुरजीत हॉकी वार्षिक कोचिंग कैंप में भाग लेना दर्शाता है कि इन खिलाड़ियों ने सही हॉकी ट्रैक चुना है।
सोसायटी के महासचिव सुरिंदर सिंह भापा के अनुसार यह कोचिंग शिविर एक जून से शुरु हुआ और एक जुलाई को समाप्त होगा।

