
वॉशिंगटन | अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को एक बड़ी घोषणा करते हुए दावा किया कि ईरान के साथ युद्ध समाप्त हो गया है और दोनों देश एक ऐतिहासिक समझौते के करीब हैं। ट्रंप के अनुसार, इस समझौते पर हस्ताक्षर के लिए इस सप्ताहांत यूरोप में एक कार्यक्रम आयोजित किया जा सकता है, जिसमें उपराष्ट्रपति जेडी वेंस शामिल हो सकते हैं।
परमाणु कार्यक्रम पर रोक का दावा
ट्रंप ने जोर देकर कहा कि इस समझौते का मुख्य उद्देश्य ईरान द्वारा परमाणु हथियार न बनाने की प्रतिबद्धता हासिल करना था। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने परमाणु हथियार विकसित करने या प्राप्त करने की अपनी सभी योजनाओं को हमेशा के लिए छोड़ने का वादा किया है। इसके साथ ही, उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने की उम्मीद भी जताई है।
ईरान का इनकार
अमेरिकी राष्ट्रपति के दावों के विपरीत, ईरान ने समझौते की खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने स्पष्ट किया कि समझौते को लेकर चल रही खबरें महज कयास हैं और तेहरान ने अभी तक किसी अंतिम निर्णय पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका की अस्थिर कार्रवाइयां कूटनीतिक प्रक्रिया को प्रभावित कर रही हैं।
